दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद हर किसी के मन में सवाल यही है कि अब सरकार की बागडोर कौन संभालेगा? आम आदमी पार्टी का साफ कहना है कि सीएम केजरीवाल ही कामकाज देखेंगे, वो जेल से सरकार चलाएंगे। हालांकि, केजरीवाल पर ईडी एक्शन के बाद जिस तरह से उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने मोर्चा संभाला वो बेहद अहम माना जा रहा। उन्होंने पहले ट्वीट के जरिए सीधे पीएम मोदी पर निशाना साधा तो शनिवार को वीडियो जारी करके दिल्ली की जनता को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेरा नाम सुनीता केजरीवाल है, मैं अरविंद केजरीवाल की धर्म पत्नी हूं। आपके बेटे और आपके भाई अरविंद केजरीवाल ने जेल से आपके लिए संदेश भेजा है। 
सुनीता को आगे करने की वजह क्या?
सुनीता केजरीवाल ने ये ट्वीट पति अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के करीब नौ घंटे बाद किया। जिस तरह से उन्होंने इस पोस्ट में अपनी बात रखी उसने नई चर्चा छेड़ दी। सुनीता केजरीवाल ने अपने ट्वीट में बिल्कुल एक जिम्मेदार नेता वाली भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने दिल्ली की जनता को क्लीयर मैसेज दिया तो सीएम केजरीवाल की तरह आम जनता से जुड़ने की कोशिश भी की। उनके अचानक एक्टिव होने के बाद सवाल यही उठे कि अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखने वाली सुनीता केजरीवाल क्या नई भूमिका में सामने आ सकती हैं? क्या सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद AAP ने 'प्लान बी' तैयार किया है? यही वजह है कि आम आदमी पार्टी नेतृत्व ने पत्नी सुनीता केजरीवाल से सीएम केजरीवाल की चिट्ठी पढ़वाई। 
पति के अंदाज में सामने आईं सुनीता केजरीवाल
सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर एक तरह से सीधे दिल्ली की आवाम को संबोधित किया। उन्होंने विक्टिम कार्ड चलते हुए लोकसभा चुनाव से पहले AAP संयोजक पर कार्रवाई को दिल्ली के लोगों के साथ धोखा करार दिया। यही नहीं, 23 मार्च को उन्होंने वीडियो शेयर कर सीएम केजरीवाल के अंदाज में अपनी बात रखी। इस दौरान बैकग्राउंड में भगत सिंह और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लगी थी। बिल्कुल इसी तरह से सीएम केजरीवाल भी प्रेस कॉन्फ्रेंस करते थे। 
सुनीता ने पढ़ी सीएम केजरीवाल की चिट्ठी 
सुनीता केजरीवाल ने इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री की चिट्ठी सबको पढ़कर सुनाई। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का पत्र सुनाते हुए कहा कि मेरे प्यार दिल्लीवासियो... मुझे कल गिरफ्तार कर लिया गया। हर पल देश की सेवा करता रहूंगा। मेरी जिंदगी का एक-एक पल देश के लिए समर्पित है। मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए है। ऐसी सलाखें नहीं जो आपके बेटे-भाई को अंदर रखें। क्या आज तक ऐसा हुआ कि केजरीवाल ने कोई वादा किया हो और पूरा नहीं हो? 
वीडियो से पहले सुनीता केजरीवाल का 'एक्स' पर पोस्ट
सुनीता केजरीवाल ने वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मैसेज दिल्लीवासियों को दिया। ईडी कार्रवाई को लेकर उन्होंने जनता को परेशान नहीं होने की अपील की। साथ ही दिल्ली की आवाम से मंदिर जाने की भी अपील की। इससे पहले सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को एक ट्वीट भी किया। इसमें उन्होंने सीधे पीएम मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आपके तीन बार चुने हुए मुख्यमंत्री को पीएम मोदी ने सत्ता के अहंकार में गिरफ्तार करवाया। यह दिल्ली के लोगों के साथ धोखा है। आपके मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़े रहें हैं। अंदर रहें या बाहर, उनका जीवन देश को समर्पित है। जनता जनार्दन है सब जानती है। 
IRS अफसर रह चुकी हैं सुनीता केजरीवाल
सुनीता केजरीवाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी हैं। अभी वो बतौर हाउसवाइफ घर संभाल रही हैं। वो हमेशा अपने पति अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ कदम से कदम मिलाकर चलती रही हैं। फिर चाहे राजनीति में आने का फैसला रहा हो या फिर उससे पहले की जिंदगी। सुनीता केजरीवाल भी अरविंद केजरीवाल की तरह एक समय आईआरएस यानी राजस्व अधिकारी रह चुकी हैं। उन्होंने आज से 8 साल पहले इस पद से वीआरएस ले लिया था। उन्होंने रिटायरमेंट से ठीक दो दिन पहले वीआरएस ले लिया था। इससे पहले पति अरविंद केजरीवाल ने साल 2006 में इसी पद से इस्तीफा दिया था। अरविंद केजरीवाल तब भारतीय राजस्व सेवा में बतौर ज्वाइंट कमिश्नर तैनात थे।
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).