बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी एवं प्रसिद्ध साहित्यकार राही मासूम रज़ा का इंतकाल आज के ही दिन हुआ था। 1 सितंबर 1927 को ग़ाज़ीपुर (उत्तर प्रदेश) में पैदा हुए राही का निधन 15 मार्च 1992 को मुंबई (महाराष्‍ट्र) में हुआ। बी. आर. चोपड़ा द्वारा निर्मित प्रसिद्ध टीवी सीरियल 'महाभारत' की पटकथा भी उन्होंने लिखी थी और 1979 में 'मैं तुलसी तेरे आँगन की' फ़िल्म के लिए फ़िल्म फ़ेयर सर्वश्रेष्ठ संवाद पुरस्कार भी जीता। उर्दू शायरी से अपनी रचना यात्रा आरंभ करने वाले राही मासूम रज़ा की पहली कृति थी 'छोटे आदमी की बड़ी कहानी', जो 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए वीर अब्दुल हमीद की जीवनी पर आधारित है। 
राही मासूम रज़ा का जन्म एक सम्पन्न एवं सुशिक्षित शिया परिवार में हुआ। राही के पिता गाजीपुर की ज़िला कचहरी में वकालत करते थे। 
शिक्षा
राही की प्रारम्भिक शिक्षा ग़ाज़ीपुर में हुई, पैर में पोलियो हो जाने के कारण उनकी पढ़ाई कुछ सालों के लिए छूट गयी लेकिन इंटरमीडियट करने के बाद वह अलीगढ़ आ गये और उच्च शिक्षा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से हुई। यहाँ उन्होंने 1960 में एमए की उपाधि विशेष सम्मान के साथ प्राप्त की। 1964 में उन्होंने अपने शोधप्रबन्ध तिलिस्म-ए-होशरुबा में भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति विषय पर पीएचडी करने के बाद दो वर्ष अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में अध्यापन किया और अलीगढ़ के ही एक मुहल्ले 'बदरबाग' में रहने लगे। यहीं रहते हुए उन्होंने आधा गाँव, दिल एक सादा काग़ज़, ओस की बूंद, हिम्मत जौनपुरी, उपन्यास व 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए 'वीर अब्दुल हामिद' की जीवनी छोटे आदमी की बड़ी कहानी लिखी। उनकी ये सभी रचनाएँ हिंदी में थीं। 
दूरदर्शन और फ़िल्में
1968 से राही बम्बई रहने लगे थे। वह अपनी साहित्यिक गतिविधियों के साथ-साथ फ़िल्मों के लिए भी लिखते थे, जिससे उनकी जीविका की समस्या हल होती थी। राही स्पष्टतावादी व्यक्ति थे। धर्मनिरपेक्ष राष्ट्रीय दृष्टिकोण के कारण वह अत्यन्त लोकप्रिय हो गए थे। मुम्बई रहकर उन्होंने 300 फ़िल्मों की पटकथा और संवाद लिखे तथा दूरदर्शन के लिए 100 से अधिक धारावाहिक लिखे, जिनमें 'महाभारत' और 'नीम का पेड़' अविस्मरणीय हैं। इन्होंने प्रसिद्ध टीवी सीरियल महाभारत पटकथा भी लिखी है और 1979 में 'मैं तुलसी तेरे आँगन की' फ़िल्म के लिए फ़िल्म फ़ेयर सर्वश्रेष्ठ संवाद पुरस्कार भी जीत चुके हैं।
साम्यवादी दृष्टिकोण
अलीगढ़ में राही के भीतर साम्यवादी दृष्टिकोण का विकास हुआ और वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य भी बन गये। अपने व्यक्तित्व के इस समय में वे बड़े ही उत्साह से साम्यवादी सिद्धान्तों से समाज के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए वे प्रयत्नशील रहे। परिस्थितिवश उन्हें अध्यापन कार्य छोड़ना पड़ा और वे रोज़ी-रोटी की तलाश में मुंबई पहुंच गये। 
रचनाएँ
उर्दू शायरी से अपनी रचना यात्रा आरंभ करने वाले राही मासूम रज़ा ने पहली कृति 'छोटे आदमी की बड़ी कहानी' लिखी जो 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए वीर अब्दुल हमीद की जीवनी पर आधारित है। अपने सुप्रसिद्ध उपन्यास 'आधा गांव' के अलावा उनके अन्य उपन्यास हैं- 'टोपी शुक्ला', 'ओस की बूंद', 'हिम्मत जौनपुरी', 'सीन 75', 'कटरा बी आर्ज़ू', 'दिल एक सादा काग़ज' और 'नीम का पेड़'। इसके अतिरिक्त 'मैं एक फेरीवाला', 'शीशे का मकां वाले' और 'ग़रीबे शहर' उनकी उर्दू नज़म तथा शायरी के तीन संकलन भी हिन्दी में प्रकाशित हुए हैं। इससे पहले वह उर्दू में एक महाकाव्य '1857' जो बाद में हिन्दी में 'क्रांति कथा' नाम से प्रकाशित हुआ तथा छोटी-बड़ी उर्दू नज़्में व गजलें लिखे चुके थे। आधा गाँव, नीम का पेड़, कटरा बी आर्ज़ू, टोपी शुक्ला, ओस की बूंद और सीन 75 उनके प्रसिद्ध उपन्यास हैं। राही का कृतित्त्व विविधताओं भरा रहा है। 
पटकथा और संवाद
इन सबके अलावा राही ने फ़िल्मों के लिए लगभग तीन सौ पटकथा भी लिखा था। इन सबके अतिरिक्त राही ने दस-बारह कहानियां भी लिखी हैं। जब वो इलाहाबाद में थे तो अन्य नामों से रूमानी दुनिया के लिए पन्द्रह-बीस उपन्यास उर्दू में उन्होंने दूसरों के नाम से भी लिखे हैं। 
राही लगातार विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में छिटपुट तथा नियमित स्तंभ भी लिखा करते थे, जो व्यक्ति, राष्ट्रीयता, भारतीय संस्कृति और समाज, धार्मिकता तथा मीडिया के विभिन्न आयामों पर केन्द्रित हैं। अपने समय में राही भारतीय साहित्य और संस्कृति के एक अप्रतिम प्रतिनिधि हैं। उनका पूरा साहित्य हिन्दुस्तान की साझा विरासत का तथा भारत की राष्ट्रीय एकता का प्रबल समर्थक है। 
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).