होलिकोत्सव मनाने के लिए सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की। 
जमीन कब्जा और दबंगई पर सख्त रुख
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जमीन कब्जाने या दबंगई की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को आश्वस्त किया कि वे बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में उपचार कराएं। सरकार उनकी हर संभव आर्थिक मदद करेगी।
इलाज के लिए मिलेगा विवेकाधीन कोष से सहयोग
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके एस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। 
एक-एक फरियादी से मिलकर सुनी समस्याएं
मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास स्वयं पहुंचकर मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी को भी परेशान या घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
गंभीर बीमारियों में सरकार बनेगी सहारा
कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी के इलाज में धनाभाव की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। कार्ड न होने पर उन्होंने भरोसा दिया कि इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कई अन्य लोग भी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि सरकार किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी।
बच्चों को दिया आशीर्वाद और प्रेरणा
जनता दर्शन में कुछ लोग अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहिल आशीर्वाद दिया, चॉकलेट वितरित की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। 
-Legend news

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).