वाराणसी के नमो घाट पर आज से योग सप्ताह की शुरुआत हुई। यह अभियान 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित किया जा रहा है। यह पहल केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे जनकल्याण अभियान का भी हिस्सा है।
सुबह आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों ने हिस्सा लिया। घाट पर योग प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
राज्य मंत्री दया शंकर मिश्र ने कहा कि इस वर्ष 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और इसी के तहत आज से योग सप्ताह शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि 21 जून को दुनिया भर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम होंगे और 177 से अधिक देशों में योग का अभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।
वहीं राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्वस्थ दिनचर्या और योग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने की अपील की।
संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र में रखा था।
साल 2015 से भारतीय आयुष मंत्रालय के नेतृत्व में सारी दुनिया योग दिवस का आयोजन करती है।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).