मथुरा। यमुना शुद्धिकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से मथुरा-वृंदावन  के विधायक और पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने आज शुक्रवार को मसानी स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। 

इस दौरान उन्होंने प्लांट के कामकाज का गहनता से जायजा लिया और यमुना में गिरने वाले जल की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक शर्मा ने एसटीपी प्लांट से निकलने वाले 36.8 एमएलडी जल के यमुना पहुँचने तक बीच के 3 किलोमीटर में अलग-अलग सैंपल एकत्र कर यमुना में गिरने वाले जल के दूषित होने के कारण की जांच एवं उसमें सुधार कर एसटीपी जितनी गुणवत्ता का जल यमुना तक पहुँचाने के आदेश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही मथुरा और वृंदावन के विभिन्न इलाकों से भी व्यापक सैंपलिंग एकत्रित करने के निर्देश दिए। इस कदम का उद्देश्य यमुना में प्रदूषण के स्तर और उसके स्रोतों की सटीक जानकारी प्राप्त करना है, ताकि प्रभावी शुद्धिकरण योजनाएं बनाई जा सकें।

इस मौके पर श्रीकांत शर्मा ने यमुना शुद्धिकरण को एक जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यमुना हमारी आस्था का केंद्र है और इसकी स्वच्छता हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों, संगठनों और सरकारी विभागों से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया।

श्रीकांत शर्मा ने सभी से अपील की यमुना को स्वच्छ बनाने में आम जन की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है,यमुना में जाने वाली गंदगी को रोकना और प्लास्टिक मुक्त ब्रज के अभियान में सभी ब्रजवासी एवं आगंतुक श्रद्धालु सहयोग करें।
- Legend News
 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).