बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपए के गहने और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला कई सालों से परिवार के संपर्क में थी और उसने धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीतकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मुंबई पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार की गई महिला का नाम राशि छाबड़िया है और उसकी उम्र 47 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राशि साल 2020 से टंडन परिवार के संपर्क में थी। वह एक्ट्रेस रवीना टंडन की मां वीणा टंडन की देखभाल के लिए घर आती-जाती थी, जिसके चलते वह परिवार के भरोसेमंद लोगों में शामिल हो चुकी थी। वह खाना बनाने से लेकर वीणा टंडन की देखभाल तक सभी काम करती थी। 
घर में रखे कीमती सामान पर नजर रखी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय के साथ आरोपी महिला ने परिवार का भरोसा जीता। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने कथित तौर पर घर में रखे कीमती सामान पर नजर रखी और मौका पाकर गहनों के साथ दो महंगी घड़ियां भी चुरा लीं। 
लॉकर की जांच में पता लगा सामान गायब हैं
मामले का खुलासा तब हुआ, जब परिवार ने लॉकर की जांच की और पाया कि उसमें रखे गहने और घड़ियां गायब हैं। इसके बाद घर में आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई और राशि छाबड़िया से भी पूछताछ की गई। हालांकि शुरुआती पूछताछ में उसने चोरी में किसी भी तरह की भूमिका होने से साफ इंकार कर दिया। 
चोरी की गई महंगी घड़ियां वापस कर दीं
लेकिन जब उससे दोबारा पूछताछ की गई, तो उसने चोरी की गई महंगी घड़ियां वापस कर दीं और साथ ही बताया कि बाकी गहने उसने जगदीश नाम के एक व्यक्ति को दे दिए हैं और उन्हें भी वह जल्द लौटा देगी। 
वेलकम टू द जंगल' को लेकर चर्चा में रवीना
वहीं रवीना टंडन की बात करें तो, वह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर चर्चा में है। यह एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन अहमद खान ने किया है। रवीना टंडन के अलावा फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, दिशा पाटनी, लारा दत्ता समेत कई सितारे मौजूद हैं। इस फिल्म का म्यूजिक मीट ब्रदर्स ने तैयार किया है। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 
-Legend News 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).