रिपोर्ट : LegendNews
मनोज सोनी का अपहरण कर हत्या के मामले में पत्नी व पुत्री सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
मथुरा। थाना गोविन्दनगर पुलिस ने पति के अपहरण कर हत्या की साजिश रचने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक अभियुक्त तथा दो अभियुक्ताओं (पत्नी और पुत्री) को घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित राधापुरम तिराहा, मथुरा-वृंदावन रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह मामला मनोज सोनी के अचानक लापता होने से जुड़ा है। 18/19 अप्रैल 2026 को मनोज सोनी के गायब होने और उनकी पत्नी के घर पर ताला लगाकर चले जाने के बाद उनके भाई रामबाबू ने 11 जुलाई 2026 को थाना गोविन्दनगर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पत्नी और पुत्री की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर 7 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना में सामने आया कि मनोज सोनी की पुत्री का प्रेम संबंध आरोपी विमल चौधरी से था, जिसे लेकर मनोज सोनी परिवार से नाराज रहता था और मारपीट भी करता था। इसी कारण पत्नी ने पुत्री और उसके प्रेमी के साथ मिलकर मनोज सोनी की हत्या के इरादे से अपहरण की साजिश रची। गिरफ्तार आरोपियों में विमल चौधरी पुत्र रामवीर सिंह निवासी गणेशधाम कॉलोनी जयसिंहपुरा थाना गोविन्दनगर शामिल है, जबकि एक महिला आरोपी और एक नाबालिग बालिका अपचारी है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी (UP 85 DB 7544) बरामद की है।
थाना गोविन्द नगर क्षेत्र में मनोज सोनी की गुमशुदगी और हत्या के मामले में परिजनों ने पत्नी, बेटी और उसके प्रेमी पर नशीला दूध पिलाकर और सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शव की तलाश में जुटी है
राधाकृष्ण वाटिका (जयसिंहपुरा) निवासी 42 वर्षीय मनोज सोनी 17-18 अप्रैल की रात से रहस्यमय तरीके से गायब हैं। भाई रामबाबू का आरोप है कि मनोज की पत्नी नैना, उनकी बेटी और बेटी के प्रेमी ने मिलकर मनोज को नशीला पदार्थ दिया और उनकी हत्या कर दी।
एसआरजी/एसएसपी के निर्देश पर थाना गोविन्द नगर पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है और यमुना तथा आसपास के जंगलों में साक्ष्य व शव की तलाश जारी है
- Legend News

Recent Comments