रिपोर्ट : LegendNews
आज इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले क्यों ट्रेंड कर रहा है संजू सैमसन?
टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन ठोककर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले संजू सैमसन अब एक अलग वजह से चर्चा में हैं। ईडन गार्डन्स में मैच जिताने के बाद उनका जश्न अब आईसीसी के रडार पर बताया जा रहा। सवाल यह है क्या इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले उन पर कोई कार्रवाई होगी?
मैच खत्म होते ही सैमसन ने हेलमेट उतारकर जमीन पर फेंका और घुटनों पर बैठ गए। वह भावुक पल था। सोशल मीडिया पर इसे 'ट्रू केरल स्टोरी' कहा गया। कई फैंस ने लिखा कि उन्होंने अलग-अलग धर्मों के अंदाज में आभार जताया। पहले बाहें फैलाकर इस्लामी अंदाज, फिर क्रॉस का निशान और अंत में हाथ जोड़कर प्रार्थना।
जियो हॉट स्टार पर पार्थिव पटेल से बातचीत में सैमसन ने कहा, मैं आस्था में विश्वास रखता हूं लेकिन इसे निजी रखना चाहता हूं। यह मेरे लिए बहुत खास पल था।
क्यों बैन हो सकते हैं संजू?
ICC की चिंता धार्मिक इशारों को लेकर नहीं, बल्कि हेलमेट फेंकने को लेकर है। आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 के तहत क्रिकेट उपकरण या कपड़ों के दुरुपयोग पर रोक है। इसमें हेलमेट, बैट या स्टंप फेंकना शामिल है, चाहे वह गुस्से में हो या जश्न में।
संजू के खिलाफ क्या कार्रवाई हो सकती है?
अगर संजू के हेलमेट फेंकने को लेवल-1 उल्लंघन माना जाता, तो अधिकतम सजा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और 1 से 2 डिमेरिट पॉइंट हो सकती है। इस स्तर पर मैच बैन बहुत रेयर है। लेवल-2 में मामला तब जाता है, जब मैच रेफरी आरोप को गंभीर माने या खिलाड़ी 24 महीनों में 4 डिमेरिट पॉइंट जमा कर ले।
उदाहरण के तौर पर हरमनप्रीत कौर को दो मैचों का बैन इसलिए झेलना पड़ा था क्योंकि उपकरण दुरुपयोग के साथ अंपायरों पर सार्वजनिक टिप्पणी भी जुड़ी थी। वहीं इसी टूर्नामेंट में 18 फरवरी को जॉर्ज मुंशी को आउट होने के बाद हेलमेट फेंकने पर 1 डिमेरिट पॉइंट मिला था।
धार्मिक इशारों को लेकर क्या है नियम?
धार्मिक इशारों पर ICC का रुख साफ है कि अगर कोई इशारा उकसाने वाला या किसी धर्म का अपमान करने वाला हो, तो एंटी-रेसिज्म कोड के तहत लेवल-3 या 4 का मामला बन सकता, लेकिन सैमसन का जश्न शांत और समावेशी माना जा रहा, इसलिए इस एंगल से कार्रवाई की संभावना बेहद कम है।
भारत 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से भिड़ेगा। सैमसन टीम के साथ मुंबई पहुंच चुके। अभी तक ICC की ओर से कोई आधिकारिक आरोप या सजा की घोषणा नहीं हुई है। भारतीय खेमे को उम्मीद है कि मामला जुर्माने या डिमेरिट पॉइंट तक सीमित रहेगा।
सूर्यकुमार यादव के साथ मिडिल ऑर्डर की कमान संभाल रहे सैमसन इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में अगर कोई कड़ी कार्रवाई होती है, तो भारत के लिए यह बड़ा झटका होगा। फिलहाल सबकी नजर ICC के फैसले पर है।
-Legend News

Recent Comments