रिपोर्ट : LegendNews
ट्रंप से मीडिया ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर सवाल किया तो भारत-पाक की बात करने लगे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले के बाद हुए भारत और पाकिस्तान के संघर्ष को लेकर फिर टिप्पणी की है. यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रूस को लेकर किए गए सवाल पर ट्रंप ने दावा किया कि वो अब तक आठ युद्ध रुकवा चुके हैं.
व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष भी रुकवाया. दूसरे मामलों में भी ऐसा किया. भारत और पाकिस्तान का मामला बहुत ख़तरनाक हो सकता था. परमाणु युद्ध का ख़तरा था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के मुताबिक़ उसमें 4 करोड़ लोगों की जान जा सकती थी. शायद 5 करोड़ लोग भी मारे जा सकते थे.
उन्होंने कहा, दोनों देशों ने एक-दूसरे के 11 विमान गिरा दिए थे. स्थिति लगातार बिगड़ रही थी. चार दिन तक तनाव बना रहा और फिर मैंने उसे रुकवाया. जब ट्रंप से 4 जुलाई को कीएव पर हुए हमले के बारे में पूछा गया.
उनसे पूछा गया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के बाद भी उन पर किसी तरह का दबाव क्यों नहीं दिख रहा है तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि पुतिन पर दबाव है. वह इस युद्ध को ख़त्म करना चाहते हैं और वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की इसे ख़त्म करना चाहते हैं. दोनों पक्षों से हमारी बातचीत चल रही है और देखते हैं कि क्या हम इसे समाप्त करा पाते हैं. यह बहुत दुखद स्थिति है.
मैंने आठ युद्ध खत्म कराए हैं. मेरी राय में यह युद्ध अपेक्षाकृत आसान होना चाहिए था, क्योंकि मैं दोनों नेताओं को जानता हूं. कई दूसरे मामलों में मैं नेताओं को नहीं जानता था.
-Legend News

Recent Comments