रिपोर्ट : LegendNews
लोकप्रियता के मामले में पीएम मोदी के आसपास भी कोई नहीं: एरिक सोल्हेम
नॉर्वे के पूर्व जलवायु और पर्यावरण मंत्री एरिक सोल्हेम ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित विश्व भर के नेताओं से तुलना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मेहनत और देश के विकास के विजन के दम पर जितनी लोकप्रियता हासिल की है, उसके आसपास भी कोई भी नहीं पहुंचता।
सोल्हेम ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी नेता के लिए लंबे समय तक इतनी मजबूत जनसमर्थन बनाए रखना बहुत ही दुर्लभ होता है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी भारत में बेहद लोकप्रिय हैं। मेरा मानना है कि लोकतंत्र में ऐसा बहुत कम ही होता है कि कोई नेता इतने लंबे समय तक इतना बड़ा समर्थन जुटा पाए, जैसा पीएम मोदी ने किया है।
सोल्हेम ने आगे कहा, शायद 1950 के दशक में जब यूरोप में लगातार तेज विकास हो रहा था, तब वहां के नेता ऐसा सपना देख सकते थे, लेकिन आज के समय में यह बहुत ही खास और अलग बात है।
दरअसल, उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी डेटा एनालिटिक्स कंपनी ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ के एक सर्वे में प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया गया है। 2 से 8 मार्च के बीच किए गए इस सर्वे के मुताबिक, एनालिटिक्स फर्म ने कहा कि पीएम मोदी 68 प्रतिशत की मजबूत अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया के बाकी नेताओं से काफी आगे हैं।
सोल्हेम ने कहा, फिलहाल मुझे नहीं लगता कि दुनिया में कोई भी नेता अपने देश में प्रधानमंत्री मोदी जितना लोकप्रिय है।
उन्होंने कहा, हो सकता है कुछ छोटे देशों में ऐसा कोई नेता हो, लेकिन किसी बड़े देश में आपको इतना लोकप्रिय नेता नहीं मिलेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप भी पीएम मोदी की लोकप्रियता के आसपास नहीं हैं, और न ही कोई यूरोपीय नेता। मेरे हिसाब से वह सच में एक विश्व नेता हैं।
सोल्हेम ने यह भी कहा कि पीएम मोदी की निजी जिंदगी का सफर भी उनकी लोकप्रियता की बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि गुजरात में एक साधारण परिवार से निकलकर, जहां उनका परिवार एक छोटे रेलवे स्टेशन पर चाय बेचता था, वहां से दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल होना, यह बहुत ही प्रेरणादायक है।
-Legend News

Recent Comments