भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने पर पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने खिलाड़ियों की तारीफ़ की है. विराट कोहली ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, हम फिर चैंपियन बने. अहमदाबाद में खेले गए बड़े फ़ाइनल में हमें शानदार जीत मिली. दबाव के बीच पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतरीन जज़्बा दिखाया और इस प्रतिभाशाली टीम के आसपास भी कोई नहीं पहुंच सका. कोहली ने पूरे मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ़ को जीत की बधाई भी दी.
वहीं रोहित शर्मा ने इंस्टा स्टोरी पर भारतीय टीम की तारीफ़ करते हुए लिखा, पूरी टीम ने बेहतरीन एफ़र्ट दिखाया. बधाई. भारत ने रविवार को खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को हरा दिया है. इसी के साथ भारतीय टीम तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इकलौती टीम बन गई है.
इससे पहले भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. 
महेंद्र सिंह धोनी ने गौतम गंभीर को लेकर क्या कहा? 
भारतीय टीम के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम, सपोर्ट स्टाफ़ और फ़ैन्स को बधाई दी है. उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर भी बयान दिया है.
धोनी ने ट्रॉफ़ी के साथ टीम इंडिया की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा, अहमदाबाद में इतिहास रचा गया. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ़, और दुनियाभर में मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फ़ैन्स को बहुत-बहुत बधाई. उन्होंने कहा, आप सबको खेलते हुए देखना बहुत खुशी की बात है.
इसके आगे धोनी ने गौतम गंभीर की मुस्कुराहट पर कहा- कोच साहब, आपके चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है. इंटेंसिटी के साथ मुस्कान एक किलर कॉम्बिनेशन है. बहुत खूब. पूर्व कप्तान ने तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ़ की है.
उन्होंने कहा, बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है. चैंपियन बॉलर. 
गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर बहस से जुड़े सवाल का जवाब दिया 
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनके कोचिंग के तरीक़े और सोशल मीडिया पर बहस से जुड़े सवाल का जवाब दिया है.
गौतम गंभीर से सवाल किया गया था कि 'जब टीम अच्छा नहीं करती, तो सोशल मीडिया पर बहुत बातें होती हैं. लेकिन पर्दे के पीछे खिलाड़ियों के साथ आपका जो प्रयास है, उन्हें हैंडल करने की जो व्यक्तिगत प्रक्रिया है, अगर आप इसे समझा पाओ कि आपकी तरफ़ से कितना एफ़र्ट डाला जाता है?'
इस पर गौतम गंभीर ने कहा, "सबसे पहली बात तो ये है कि मेरी जवाबदेही किसी सोशल मीडिया की तरफ़ नहीं है. मेरी जवाबदेही सबसे ज़्यादा उन 30 लोगों की तरफ़ है, जो ड्रेसिंग रूम में बैठे हैं... इसके अलावा मेरी जवाबदेही न पहले कभी थी, न आज है और न आगे रहेगी."
उन्होंने कहा, भले ही मैंने कोच के तौर पर दो आईसीसी ट्रॉफ़ी जीती हों, वह मैटर नहीं करती. आगे भी आने वाले समय में मुझे लगता है कि मेरे कोचिंग के कार्यकाल में वो 30 लोग सबसे ज़्यादा मैटर करते हैं, बाकी और कोई मैटर नहीं करता.
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बन गई है.
इससे पहले भारत ने 2024 और 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).