रिपोर्ट : LegendNews
मानसून सत्र के बीच संसद परिसर में हुई एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक बैठक
संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के समापन पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गठबंधन के सांसदों को संबोधित किया। इसके बाद केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) की उपलब्धियों और उनके रणनीतिक महत्व पर जानकारी दी। वहीं, केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मत्स्य क्षेत्र के विकास, सरकार की प्रमुख पहलों और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार रखे।
पहली बार 'मंगल मिलन' में शामिल हुए सुदीप बंद्योपाध्याय
नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय पहली बार एनडीए संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक में शामिल हुए। बैठक से पहले उन्होंने कहा कि वह देश के वरिष्ठ सांसदों में से एक हैं और उनकी पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
पिछले सप्ताह एनसीपीआई के तीन सांसद अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान बैठक में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद पार्टी में मतभेद की अटकलें लगाई गई थीं। हालांकि, पार्टी ने इन अटकलों को खारिज करते हुए एकजुटता का दावा किया था। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं ने दावा किया था कि ये सांसद भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा नहीं बनना चाहते।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद 20 बागी सांसदों ने अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया का गठन किया था और एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की थी।
हंगामेदार मानसून सत्र के बीच हुई बैठक
एनडीए की यह साप्ताहिक बैठक ऐसे समय हुई है, जब संसद का मानसून सत्र परीक्षा सुधार, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर दान मामले को लेकर विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों के कारण लगातार हंगामेदार बना हुआ है।
-Legend News

Recent Comments