रिपोर्ट : LegendNews
दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम: आंधी के बाद हुई तेज बारिश, अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार दोपहर के बाद मौसम अचानक से बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद तेज आंधी शुरू हो गई। जिसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। एनसीआर के कई इलाकों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था।
नोएडा में आंधी-तूफान और तेज बारिश से बदला मौसम
पिछले दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद बृहस्पतिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। दोपहर तक जहां तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल थे, वहीं शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए। मौसम विभाग की ओर से पहले ही मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी, जो सही साबित हुई।
दोपहर के समय अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं, जिसके बाद कई इलाकों में धूलभरी आंधी आई। इसके बाद तेज बारिश और बिजली की कड़क के साथ मौसम सुहावना हो गया। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। कई जगह लोग घरों की छतों और बालकनियों से बारिश का आनंद लेते नजर आए।
मौसम विभाग का अलर्ट
बीते बुधवार को मौसम विभाग ने इन दोनों दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया। इस दौरान तेज धूलभरी आंधी, हल्की बारिश, गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाएं होगी। इससे छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
-Legend News

Recent Comments