मंगलवार और बुधवार को लेबनान में पेजर और वॉकी-टॉकी के ज़रिए हुए धमाकों में कई लोगों की मौते हुई हैं और हजारों लोग घायल हुए हैं.
अब लेबनान की राजधानी बेरूत के राफिक हरीरी एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइटों में वॉकी-टॉकी और पेजर पर बैन लगा दिया गया है. बेरूत में स्थित यह एयरपोर्ट लेबनान का एकमात्र कमर्शियल ऑपरेशनल एयरपोर्ट है.
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए ने विमानन एजेंसी के हवाले से बताया है कि यात्रियों से कहा गया है कि अपने साथ पेजर या वॉकी टॉकी जैसे उपकरण न लाएं . अगर उनके पास ऐसे उपकरण पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल ज़ब्त कर लिया जाएगा. 
धमाकों पर जापानी कंपनी ने दी सफ़ाई  बुधवार को लेबनान में एक बार फ़िर कई धमाके हुए. ये धमाके वॉकी-टॉकी के ज़रिए हुए थे.
वॉकी-टॉकी में हुए इन धमाकों के बाद अब इनको बनाने वाली जापानी कंपनी आईकॉम ने सफ़ाई दी है.
जापानी कंपनी ने कहा है कि वॉकी-टॉकी के जिन मॉडलों में धमाके हुए हैं, कंपनी ने 10 साल पहले ही उनको बनाना बंद कर दिया है.
आईकॉम ने कहा कि मॉडल आईसी-वी 82 का 2004 से 2014 के बीच तक मध्य-पूर्व के देशों में निर्यात किया जाता था. लेकिन 2014 के बाद से उनका निर्यात बंद हो गया है. इसकी बैटरियों का उत्पादन भी बंद कर दिया गया है.
कंपनी ने कहा है कि यह बताना बहुत मुश्किल है कि जिन मशीनों में धमाका हुआ है, उसे हमने ही भेजा था या फिर वे किसी डिस्ट्रीब्यूटर के ज़रिए वहां भेजे गए थे.
लेबनान में मंगलवार को बात करने या मैसेज करने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीन पेजर में धमाके हुए थे. इन धमाकों में 12 लोगों की मौत हुई थी.
इसके ठीक एक दिन बाद बुधवार को लेबनान में एक बार फिर से सिलसिलेवार धमाके हुए. हालांकि इस बार पेजर की जगह वॉकी-टॉकी में धमाके हुए.
वॉकी-टॉकी के ज़रिए हुए इन सिलसिलेवार धमाकों में अभी तक 20 लोगों की जान गई है और 450 से भी ज़्यादा घायल हुए हैं.
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).