रिपोर्ट : LegendNews
वृन्दावन: रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में नवनिर्मित नर्सिंग स्कूल के विस्तारित भवन का उद्घाटन
वृन्दावन। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में नवीन और उन्नत सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित नर्सिंग स्कूल के विस्तारित भवन का उद्घाटन आज रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के ट्रस्टी और रामकृष्ण मठ, बेलूर मठ के मैनेजर श्रीमत स्वामी ज्ञानव्रतानन्दजी महाराज ने किया।
आज सुबह 10.30 बजे श्रीमत स्वामी स्वामी ज्ञानव्रतानन्दजी महाराज रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम स्कूल ऑफ़ नर्सिंग, वृन्दावन पहुंचे, वहाँ फीता काटकर तथा पूजन आरती के द्वारा नर्सिंग स्कूल के विस्तारित भवन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के समय रामकृष्ण मिशन के साधु और ब्रह्मचारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। तत्पश्चात पूज्य महाराज जी ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम स्कूल ऑफ़ नर्सिंग का अवलोकन किया तथा रामकृष्ण मिशन की हो रही प्रगति की भूरी भूरी प्रशंसा की।
इस उपलक्ष्य पर एक सभा का भी आयोजन किया गया जिसमें रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, वृन्दावन के सचिव स्वामी सुप्रकाशनंद जी महाराज और नर्सिंग स्कूल की प्राचार्या श्रीमती कृष्णा कुमारी उपस्थित थे। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने बताया कि नर्सिंग स्कूल का एक्सटेंशन ब्लॉक जिसमें इंटरैक्टिव टच पैनल के साथ 3 डिजिटल क्लासरूम, एक कंप्यूटर लैब, एक बाल चिकित्सा लैब और एक स्त्री रोग लैब है। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम स्कूल ऑफ नर्सिंग की स्थापना 43 वर्षों के गौरवशाली समय से हुई है। प्रारंभ में 10 विद्यार्थियों के प्रवेश की अनुमति थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर 15 हो गई और फिर वर्तमान में 30 छात्राओं की संख्या हो गई है। हमने बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम शुरू करने और अपनी प्रवेश क्षमता 30 से बढ़ाकर 50 विद्यार्थी प्रतिवर्ष करने के लिए भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) में आवेदन किया है। आवेदन के बाद INC द्वारा निरीक्षण किया गया जहां उन्होंने हमें तत्काल आवश्यक बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए कहा और ईश्वर की कृपा से इसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। हम अपनी निर्माण टीम को उनके समर्पण के लिए धन्यवाद देते हैं।
स्वामी ज्ञानव्रतानन्दजी महाराज ने सभा को सम्बोधित करते हुए रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के इतिहास को सुंदर ढ़ंग से प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार स्वामी विवेकानंद जी महाराज के उपदेशों से अनुप्राणित होकर चिकित्सा सेवाओं का प्रारंभ हुआ। महाराज जी ने कुछ सुन्दर घटनाओं के माध्यम से शिव ज्ञान से जीव सेवा को स्पष्ट किया। महाराज ने सेवाश्रम के इतिहास का विस्तृत विवरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक छोटे से बीज से एक विशाल वट वृक्ष की यात्रा होती है, ठीक उसी प्रकार सेवाश्रम एक छोटे से क्लिनिक से प्रारम्भ करके आज रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, वृंदावन आधुनिक सुविधाओं से लैस 400 बिस्तरों वाला मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल चला रहा है।
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल अस्पताल 400 बिस्तरों वाला जनरल स्पेशियलिटी अस्पताल है जिसमें कुछ सुपर स्पेशियलिटी हैं जैसे कैंसर चिकित्सा, जॉइंट रिप्लेसमेंट, शल्य चिकित्सा, ह्रदय चिकित्सा, मूत्र रोग चिकित्सा, गुर्दा रोग (मेघ रोग) चिकित्सा, स्नायु रोग चिकित्सा जैसी विशेष सुविधाओं के अलावा अन्य सभी साधारण सेवाएं प्रदान करता है। अस्पताल मथुरा और उसके आसपास गरीब और संकटग्रस्त लोगों की सेवा कर रहा है। अस्पताल पल्लीमंगल कार्यक्रम चलाता है। जो मथुरा जिले की ग्रामीण आबादी की सेवा कर रही हैं। नियमित रूप से नि:शुल्क नेत्र जांच एवं शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है। वर्ष में दो बार नि:शुल्क यूरोलॉजी एवं सामान्य शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनरल वार्ड के मरीजों को बिस्तर, आहार, सभी दवाएं, डॉक्टरों और नर्सों की सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं।
प्राचार्या श्रीमती कृष्णा कुमारी ने इस कार्य को सफल बनाने के लिए सबको हार्दिक धन्यवाद दिया। अस्पताल की सुविधाओं पर बनी एक ११ मिनट का विडियो भी दिखाया गया। स्कूल ऑफ़ नर्सिंग की छात्राओं ने उद्बोधन संगीत और समापन संगीत में भजन के द्वारा शमा बांध दिया। पूरा हॉल खचाखच भरा हुआ था तथा लोग कार्यक्रम के उत्साह में गलियारों में भी बैठकर अंत तक बने रहे। इस उपलक्ष्य में भारत के विभिन्न स्थानों से रामकृष्ण मिशन के साधु ब्रह्मचारी, डॉक्टर सहित अस्पताल के नर्स तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, वृन्दावन अस्पताल के प्रभारी स्वामी कालीकृष्णानन्द जी महाराज ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस नवनिर्मित एक्सटेंशन ब्लॉक का वास्तविक उद्देश्य हमारे नर्सिंग विद्यार्थियों को अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचा प्रदान करना है, जो किसी भी अस्पताल के रोगियों के लिए स्वास्थ्य सेवा सुविधा का आधार है। विद्यार्थियों को नर्सिंग स्कूल में उत्तम नर्स के रूप में स्वयं को विकसित करने के लिए सही वातावरण और अत्याधुनिक यंत्रो की सुविधाएँ मिलेंगी। रिपोर्टर्स के यह पूछने पर कि सेवाश्रम का अगला प्रोजेक्ट क्या है उसके उत्तर में उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे अस्पताल की न्यूनतम दरों में उपलब्ध उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा से दूर दूर से लोग कैंसर की चिकित्सा के लिए आते हैं इसके लिए रेडिएशन थेरैपी का कार्य प्रगति पर है।
- Legend News
Recent Comments