दिग्‍गज बल्लेबाज विराट कोहली ने सोमवार को एक ऐसा कटु अनुभव साझा किया है, जो उन्हें पर्थ में रहने के दौरान सहना पड़ा। उन्होंने इस अनुभव को भयावह करार दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे उन्हें अपनी प्राइवेसी के बारे में बहुत बुरा महसूस हुआ। उनकी गैरमौजूदगी में किसी ने उनके होटल के कमरे में प्रवेश किया और कमरे का वीडियो शूट किया। वीडियो में कोहली के सभी सामान और अलमारी को दिखाया गया है। 
भारत के पूर्व कप्तान को यह देखकर झटका लगा और उन्होंने प्रशंसकों से अनुरोध किया कि वे सभी की निजता का सम्मान करें, उन्हें मनोरंजन की चीज न समझें। कोहली ने लिखा- मैं समझता हूं कि प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर बहुत खुश व उत्साहित होते हैं और उनसे मिलने के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। मैंने हमेशा इसकी सराहना की है, लेकिन यहां यह वीडियो भयावह है और इसने मुझे अपनी निजता के बारे में बहुत बुरा महसूस कराया है। 
उन्होंने लिखा- अगर मैं अपने होटल के कमरे में प्राइवेसी नहीं रख सकता तो कहां इसकी उम्मीद कर सकता हूं? इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। कृपया लोगों की निजता का सम्मान करें और उनके साथ ऐसा व्यवहार न करें। कोहली के इंस्टाग्राम पोस्ट पर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी कमेंट करते हुए लिखा- यह हास्यास्पद है। पूरी तरह से अस्वीकार्य है। क्या यह @crownperth था।
कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा- भयवाह घटनाओं का अनुभव किया है। यह वास्तव में सबसे बुरी बात है। अगर यह आपके बेडरूम में हो रहा है तो प्राइवेसी की सीमा कहां है? 
मौजूदा टी 20 विश्व कप में कोहली अच्‍छी फॉर्म में हैं। टूर्नामेंट में उन्होंने 156 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने करिश्माई बैटिंग करते हुए जीत दिलाई थी। उसके बाद उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ भी हाफ सेंचुरी जड़ी थी। 
होटल ने मांगी माफी, कर्मचारी बर्खास्त 
दूसरी ओर स्टार क्रिकेटर विराट कोहली से उनके कमरे का वीडियो लीक होने के मामले में होटल ने न सिर्फ माफी मांगी है बल्‍कि उस कर्मचारी को बर्खास्त भी कर दिया है, जिसने बगैर अनुमति के टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के कमरे में प्रवेश किया था।
होटल ने अपने बयान में कहा, “हम गेस्ट से बिना शर्त माफी मांगते हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि ऐसा घटना फिर न हो। इसमें शामिल व्यक्तियों को क्राउन से हटा दिया गया है।” 
थर्ड पार्टी से जांच करा रहा है होटल
होटल ने आगे कहा,  क्राउन थर्ड पार्टी से जांच करा रहा है और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा कि इस प्रकार की घटना दोबारा न हो। हम भारतीय क्रिकेट टीम तथा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के साथ भी सहयोग कर रहे हैं और जांच को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करना जारी रखेंगे।” 
एक से अधिक व्यक्ति कमरे में थे
कोहली के होटल का कमरा नाम के वीडियो में एक व्यक्ति कोहली के कमरे में घूमता दिख रहा है। इस वीडियो में स्टार क्रिकेटर के हेल्थ सप्लीमेंट, जूते, खुला हुआ सूटकेस दिख रहा है। इसमें उनकी टीम इंडिया की जर्सी, कैप और मेज पर पड़ा चश्मा भी दिख रहा है। ऐसा लग रहा है कि वीडियो शूट करने के दौरान एक से अधिक व्यक्ति कमरे में थे।
पर्थ से एडीलेड टीम इंडिया रवाना
गौरतलब है कि टीम इंडिया सोमवार को पर्थ से एडीलेड के लिए रवाना हुई, जहां उसे बुधवार को बांग्लादेश से मैच खेलना है। भारत को रविवार को मौजूदा टी20 विश्व कप में पहली हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट से शिकस्त दी। टीम ने इससे पहले पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराया था। वह सुपर-12 के ग्रुप-2 में दूसरे नंबर पर है।
-Compiled by Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).