रिपोर्ट : LegendNews
मकर संक्रांति के दिन राम मंदिर पहुंचे विनय कटियार, रामलला का दर्शन-पूजन किया
मंदिर आंदोलन के फायर ब्रांड नेता रहे पूर्व सांसद विनय कटियार गुरुवार को मकर संक्रांति के दिन राम मंदिर पहुंचे और रामलला का दर्शन-पूजन किया। लगभग दो वर्ष बाद कई समर्थकों के साथ पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता कटियार ने आधे घंटे तक रामजन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर मंदिर निर्माण से संबंधित जानकारी ली और निर्माण कार्यों की दिव्यता-भव्यता की सराहना की। उन्होंने राम परिवार व पूरक मंदिरों में भी दर्शन किया।
दोपहर दो बजे रामजन्मभूमि परिसर के जगद्गुरु आद्य शंकराचार्य प्रवेश द्वार (वीवीआइपी द्वार) पर पहुंचे पूर्व सांसद विनय कटियार काे लगभग 15 मिनट इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि वीवीआइपी द्वार से प्रवेश के लिए उनका प्रोटोकाल सुरक्षाकर्मियों को नहीं मिला था। बाद में उन्हें व उनके समर्थकों को दो वाहनों से ही प्रवेश दिया गया।
राम मंदिर पहुंचने पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डा. अनिल कुमार मिश्र व राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव ने स्वागत किया और साथ ले जाकर उन्हें दर्शन-पूजन कराया। दर्शनोपरांत कटियार ने राम मंदिर के सिंह द्वार के समीप खड़े होकर समर्थकों के साथ फोटो भी खिंचाई। इस अवसर पर मिल्कीपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता राम सजीवन मिश्र, व्यापार मंडल के जिला संयोजक अरुण गुप्ता, चंद्रप्रकाश मिश्र, उन्नत शिरोमणि, भरतराम वर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
दर्शन के समय नहीं थे महासचिव चंपतराय
रामजन्मभूमि परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के ‘बजरंगी’ विनय कटियार ने कहा, मैंने रामलला का दर्शन कर अयोध्या की खुशहाली व उन्नति की कामना की है। हालांकि उन्होंने ट्रस्ट महासचिव चंपतराय को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की।
ध्वजारोहण समारोह का आमंत्रण नहीं मिलने पर कटियार ने नवंबर माह में मीडिया में बयान देकर चंपतराय को ‘स्वयंभू’ कह कर नाराजगी जताई थी। कुछ दिनों पूर्व उन्होंने मकर संक्रांति पर दर्शन करने की घोषणा की थी और इस दौरान उनसे बची-खुची नाराजगी दूर हो जाने की बात कही थी, परंतु गुरुवार को ट्रस्ट महासचिव से उनकी भेंट नहीं हो सकी।
-Legend News

Recent Comments