रिपोर्ट : LegendNews
12 कट्स और 'A' सर्टिफिकेट के साथ रिलीज होगी विजय की फिल्म 'जन नायकन'
थलपति विजय की मोस्ट अवेटेड तमिल फिल्म 'जन नायकन' अब सिनेमाघरों में रिलीज के बेहद करीब है। पहले यह फिल्म 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी तारीख टाल दी गई। हालांकि मेकर्स ने अभी नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि फिल्म जुलाई के आखिर तक बड़े पर्दे पर दस्तक दे सकती है। इसी के साथ इस फिल्म में 12 कट्स लगने की बात भी सामने आई है।
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने 'A' सर्टिफिकेट दिया है। 9 जुलाई को जारी किए गए सर्टिफिकेट के मुताबिक फिल्म की कुल लंबाई 183 मिनट यानी 3 घंटे 3 मिनट और 11 सेकंड है।
कुछ शब्दों को म्यूट करने और कुछ दृश्यों को बदलने की बात
सेंसर बोर्ड ने 'जन नायकन' की रिलीज से पहले फिल्म में 12 बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। इनमेंं कुछ डायलॉग को हटाने, कुछ शब्दों को म्यूट करने और कुछ दृश्यों को बदलने की बात कही गई है।
ऑडियो और वीडियो दोनों में बदलने या म्यूट करने के निर्देश
रिपोर्ट के मुताबिक डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर वाली किताब के कवर से जुड़े एक सीन में बदलाव किया गया है। वहीं 'अंबेडकर... टू... टीवीके सत्तम' वाला डायलॉग हटा दिया गया है। इसके अलावा जहां-जहां 'टीवीके' शब्द आया है, उसे ऑडियो और वीडियो दोनों में बदलने या म्यूट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सद्दाम हुसैन की फांसी का जिक्र करने वाले डायलॉग में भी बदलाव
CBFC ने एक ऐसे सीन को भी हटाने को कहा है जिसमें भारतीय राष्ट्रीय तिरंगा दिखाई दे रहा है। इसके अलावा 'भगवतन', 'रंगनाथर', 'थेविदिया पैया' और 'ओत्था' जैसे शब्दों को भी म्यूट किया गया है। फिल्म के एक अन्य हिस्से में ऑपरेशन मेलुहा की डीटेलिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए 'ओम' शब्द को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सद्दाम हुसैन की फांसी का जिक्र करने वाले डायलॉग में भी बदलाव या उसे म्यूट करने को कहा गया है।
बैज को अपमानजनक तरीके से नीचे झुकाने वाले सीन को पूरी तरह हटाने और बदलने का निर्देश
सेंसर बोर्ड ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बैज को अपमानजनक तरीके से नीचे झुकाने वाले सीन को पूरी तरह हटाने और उसकी जगह दूसरा सीन इस्तेमाल करने के लिए कहा है। साथ ही 'पोन्नोडा... कुदुथु वचिरुक्कनु, उदंबु एरुक्कनु" से शुरू होने वाले पूरे डायलॉग को भी म्यूट करने का निर्देश दिया गया है।
जहां 'शीला रानी' नाम दिखाई देता है, उसे बदला जाए
इसके अलावा 'India en kalla vizha vaikaren' वाले डायलॉग को भी म्यूट किया गया है। एक बच्चे को जलाने वाला सीन हटाकर उसकी जगह नया सीन जोड़ा गया है। वहीं 'Siluvailla' शब्द को भी म्यूट किया गया है। CBFC ने यह भी निर्देश दिया है कि फिल्म में जहां भी 'शीला रानी' नाम दिखाई देता है, उसे बदला जाए।
करीब 20 सेकंड के फुटेज हटाए गए
बोर्ड के आदेश के तहत करीब 20 सेकंड के फुटेज हटाए गए और लगभग 10 सेकंड के नए सीन जोड़े गए। इसके बावजूद फिल्म की कुल अवधि पहले की तरह 183 मिनट 11 सेकंड ही बनी हुई है।
पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और मामिता बैजू जैसे कलाकार
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और मामिता बैजू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब दर्शकों को इसकी नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
-Legend News

Recent Comments