रिपोर्ट : LegendNews
वियतनाम: बार में भीषण आग लगने से 32 लोगों की मौत, कई घायल
वियतनाम के दक्षिणी शहर थुआन आन के केराओके बार में लगी भीषण आग से कम-से-कम 32 लोगों की मौत हो गई है. कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
सरकारी मीडिया के अनुसार केराओके परिसर की दूसरी मंजिल पर लगी आग और उससे निकले धुएं में कई ग्राहक और स्टाफ फंस गए. वहां से निकलने का इमरजेंसी रास्ता भी इसकी चपेट में आ गया.
रिपोर्ट के अनुसार इस आग की शुरुआत दूसरी मंज़िल से हुई जो जल्द ही तीसरी मंज़िल तक पहुंच गई, जहां तेज़ी से जलने वाले सामान रखे हुए थे.
लोक सुरक्षा मंत्रालय के आधिकारिक मुखपत्र कॉन्ग अन न्हान डान के अनुसार मरने वाले 32 लोगों में 17 आदमी और 15 औरतें हैं.
वहीं एक अन्य वेबसाइट ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि आग लगते समय बार में क़रीब 60 लोग मौजूद थे.
बताया गया है कि आग से बचने के लिए कई लोग बालकनी में जमा हो गए थे, लेकिन लकड़ी के बने इंटीरियर तक आग फैलने से वहां भी सुरक्षित रहना संभव नहीं रह गया था. ऐसे में बचने के लिए दूसरी और तीसरी मंज़िल से चार लोगों ने इमारत से नीचे छलांग लगा दी.
हो ची मिन्ह शहर के पास बसे थुआन आन में लगी इस आग की पुलिस जांच कर रही है.
-Compiled by Legend News

Recent Comments