उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। विपक्षी समाजवादी पार्टी की ओर से तीसरा उम्मीदवार आखिर तक न उतारे जाने के कारण भाजपा के सभी आठ और सपा के दो उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है। उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सीएम योगी आदित्यनाथ , प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक समेत तमाम सीनियर नेता इस दौरान मौजूद रहे। पार्टी के आठों उम्मीदवारों ने सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
सीएम ने दी शुभकामनाएं
भाजपा की ओर नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मपाल सिंह (लोध), ओबीसी प्रकोष्ठ के राज्य प्रमुख प्रकाश पाल (पाल) और श्रुति गंगवार (कुर्मी) शामिल हैं। इनके अलावा अनुसूचित जाति से विद्यासागर सोनकर एवं प्रियंका रावत, ब्राह्मण समुदाय से राधाकांत ओझा एवं गोपी कृष्ण पांडे और क्षत्रिय समुदाय से राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी उम्मीदवारों को अपनी शुभकामनाएं दीं। 
निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा ने कहा कि सभी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र के दो-दो सेट दाखिल किए हैं। प्रत्येक सेट के साथ प्रस्तावक के तौर पर 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। 10 सीटों पर 10 नामांकन के ही आने के बाद अब 16 अक्टूबर को प्रस्तावित चुनाव की जरूरत नहीं होगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्वाचित सदस्यों के नाम का ऐलान हो जाएगा।
सपा के दो नामांकन
राज्यसभा चुनाव 2026 में समाजवादी पार्टी की ओर से दो उम्मीदवार उतारे गए। पार्टी के सीनियर नेता प्रो. राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अधिकारी धनराज परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से तीसरे उम्मीदवार को उतारे जाने की घोषणा की गई। सोमवार रात तक सपा नेताओं की ओर से तीसरे उम्मीदवार का दावा किया जाता रहा, लेकिन अखिलेश यादव सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्थिति साफ कर दी। उन्होंने लिखा कि अब हमारा ध्यान तीन पर नहीं, बल्कि 403 पर है। 
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने नई दिल्ली गए हुए हैं। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अब सपा पर बड़ा हमला बोल दिया है। उन्होंने कहा कि बात साफ है। सपा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार मान ली है।
पार्टी कार्यालय पहुंचे उम्मीदवार
नामांकन दाखिल करने से पहले राज्यसभा के लिए घोषित सभी उम्मीदवार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने यूपी प्रभारी विनोद तावड़े और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच वे नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना हुए। भाजपा के आठ उम्मीदवारों में दो महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इसके जरिए भाजपा ने जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन साधने का एक सुनियोजित प्रयास किया है। 
भाजपा ने अपनी रणनीति से यूपी चुनाव 2027 से पहले बड़े संदेश दे दिए हैं। इन नामों को काफी मंथन के बाद तय किए जाने की बात सामने आई है। पार्टी पिछड़ा, दलित और अगड़ा वर्ग को साधने की कोशिश की है। साथ ही, क्षेत्रीय संतुलन को भी साधा गया है। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी उम्मीदवारों की जीत तय होने की बात कही।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).