अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ‘नाकाम देश’ बताते हुए उसकी सैन्य और आर्थिक स्थिति पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करने से इनकार करते हुए कहा कि तेहरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा। ट्रंप ने यह बात ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में महंगाई 350 प्रतिशत तक पहुंच गई है, उसकी मुद्रा की स्थिति खराब है और सैनिकों को भुगतान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना और वायुसेना की क्षमता लगभग खत्म हो चुकी है तथा उसकी निगरानी व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। ट्रंप ने साथ ही कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे कार्रवाई नहीं करेगा। 
ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा 
परमाणु हथियार के इस्तेमाल को लेकर सवाल पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता पहले ही बुरी तरह कमजोर हो चुकी है, इसलिए परमाणु हथियार इस्तेमाल करने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास परमाणु हथियार होने की स्थिति में इजरायल और पश्चिम एशिया के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। 
होर्मुज से 30 जहाज रोजाना गुजरने का दावा
होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर ट्रंप ने कहा कि यह मार्ग “बेहद अच्छी स्थिति” में है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना की मदद से रोजाना औसतन करीब 30 जहाज इस जलमार्ग से गुजर रहे हैं और बड़ी मात्रा में तेल भी बाहर जा रहा है। उनके मुताबिक, इसी वजह से तेल की कीमतों में अपेक्षित तेजी नहीं आई।
हालांकि, होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को लेकर अमेरिका और ईरान के दावों में अंतर है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव फिर बढ़ा है। अमेरिका ने 30 अगस्त को होर्मुज के पास ईरानी रॉकेट लॉन्चरों पर हमला किया था। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं।
ट्रंप ने इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में भी ईरान को ‘नाकाम देश’ बताया था। उन्होंने ईरान की महंगाई करीब 300 प्रतिशत होने और वहां के नेतृत्व पर देश को ठीक से नहीं संभाल पाने का आरोप लगाया। ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व पर प्रदर्शनकारियों की हत्या का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ युद्ध अपराधों में मुकदमा चलाने की मांग भी की है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).