ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। यह हादसा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण उस जलमार्ग के पास हुआ है, जिस पर ईरान ने कड़ी घेराबंदी कर रखी है। फिलहाल दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही ईरान और इजरायल के बीच भीषण गोलाबारी हुई थी। इससे क्षेत्र में युद्धविराम की कोशिशों को गहरा झटका लगा है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा युद्ध का असर बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर शुरू किए गए हमलों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इसके चलते दुनिया भर में कच्चे तेल और ऊर्जा की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे खाद्य पदार्थ और आम जरूरत की चीजें काफी महंगी हो गई हैं। अधिकारी अप्रैल में हुए अस्थायी युद्धविराम को स्थायी शांति समझौते में बदलने में अब तक नाकाम रहे हैं। इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यूयॉर्क के जॉन एफ केनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "पायलट पूरी तरह ठीक हैं और किसी को चोट नहीं आई है। हम कल इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करेंगे।" हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड और रक्षा मंत्रालय ने इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। 
समझौते के लिए पाकिस्तान कर रहा मध्यस्थता तनावपूर्ण माहौल के बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर एक बेहद मजबूत समझौता होने की संभावना है। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "अगर हम चाहें तो कुछ ही हफ्तों की बमबारी में ईरान को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर सकते हैं। लेकिन ऐसा करने से यह महत्वपूर्ण जलमार्ग महीनों के लिए बंद हो जाएगा और कई बेगुनाह लोग मारे जाएंगे, जो मैं नहीं चाहता।" गौरतलब है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए पाकिस्तान मुख्य मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। लेकिन अमेरिका द्वारा ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार को सौंपने की मांग और ईरान द्वारा प्रतिबंध हटाने की जिद के चलते दोनों पक्षों में गतिरोध बरकरार है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).