टेक्सास। अमेरिकी सांसद ब्रैंडन गिल ने टेक्सास के डलास में बढ़ते इस्लामीकरण पर गहरी चिंता जाहिर की है. उन्होंने कहा कि इस्लामी प्रवासन के कारण स्थानीय मॉल पाकिस्तान जैसे लगने लगे हैं और नई मस्जिदों के निर्माण से सामुदायिक स्वरूप बदल रहा है. गिल के अनुसार, यह अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे वे जानते हैं और प्यार करते हैं.

उन्होंने कहा कि वहां के लोकल मॉल में जाने पर ऐसा लगता है कि आप पाकिस्तान में हैं, डलास में नहीं. रियल अमेरिकाज़ वॉयस के साथ एक इंटरव्यू में कांग्रेसी ब्रैंडन गिल ने कहा कि मुझे अपने वोटर्स से हमेशा सुनने को मिलता है जो डलास इलाके के इस्लामीकरण को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित हैं.

रिपब्लिकन सांसद ने कहा कि उनके वोटर्स ऐसी मस्जिदों के बारे में सुन रहे हैं जो उस जमीन के पास बन रही हैं जो उनके या उनके परिवार के पास पीढ़ियों से है. उन्होंने बताया कि हमारे पास पूरी कम्युनिटीज़ हैं जो बदल रही हैं. उन्होंने बताया कि आप वोटर्स को अपने लोकल मॉल में जाने के बारे में बात करते हुए सुनते हैं और आप चारों ओर देखते हैं तो ऐसा लगता है कि आप पाकिस्तान में हैं, ना कि डलास, टेक्सास में. उन्होंने कहा कि यह एक समस्या है.

ब्रैंडन गिल की पत्नी भारतीय मूल की हैं
अमेरिकी सांसद ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बड़े पैमाने पर इस्लामिक माइग्रेशन उस अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे हम जानते हैं और प्यार करते हैं. गिल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में टेक्सास के 26वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं. गिल 2024 में कांग्रेस के लिए चुने गए थे और हाउस ज्यूडिशियरी, बजट और ओवरसाइट कमेटियों में काम करते हैं. इसमें DOGE सब-कमेटी भी शामिल है, जहां वह सीमा को सुरक्षित करने, जीवन की रक्षा करने, सरकारी बर्बादी को खत्म करने और अमेरिका की आर्थिक ताकत को बहाल करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं.

ब्रैंडन गिल की पत्नी डेनिएल डिसूजा गिल भारतीय मूल की हैं, वह भारतीय-अमेरिकी कमेंटेटर और ट्रंप के सहयोगी दिनेश डिसूजा की बेटी हैं. एक सोशल मीडिया एक्स यूजर ने कहा कि यह आदमी नई दिल्ली में रहने का इतना आदी हो गया है कि अब पाकिस्तान से नफरत करना उसके लिए दूसरी प्रकृति बन गई है. दूसरे ने कहा कि भारतीय पत्नी को खुश रखने के लिए खास तौर पर पाकिस्तान का नाम ले रहा है. दूसरे जवाबों और रीशेयर में कहा गया कि डेनिएल ने भी पहले मुसलमानों के बारे में कमेंट किए हैं.

कुछ महीने पहले पति-पत्नी भारतीय मूल के डेमोक्रेट ज़ोहरान ममदानी के बारे में सांप्रदायिक टिप्पणियों को लेकर विवाद में फंस गए थे, जब वह न्यूयॉर्क शहर के मेयर का चुनाव लड़ रहे थे. बाद में उन्होंने इसे जीत लिया था.

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया X यूज़र ने ज़ोहरान ममदानी का हाथ से चावल खाते हुए एक वीडियो शेयर किया. इसे ब्रैंडन गिल ने रीशेयर किया और लिखा कि अमेरिका में सभ्य लोग ऐसे नहीं खाते. अगर आप पश्चिमी रीति-रिवाजों को अपनाने से इनकार करते हैं, तो तीसरी दुनिया में वापस चले जाओ.

- Legend News


 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).