मेरठ के बहुचर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को अदालत का फैसला आ गया। अदालत ने सौरभ राजपूत के सनसनीखेज मर्डर के लिए उसकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को दोषी करार दिया है। अदालत ने इसे क्रूरतम कृत्य बताया और कहा कि उनका गुनाह माफी लायक नहीं है। मुस्कान-साहिल को हत्या के अलावा सबूत छिपाने का भी दोषी माना गया है। अगली सुनवाई पर दोनों के लिए सजा का एलान किया जाएगा। सौरभ के परिवार ने मुस्कान और साहिल के लिए फांसी की सजा की मांग की है। फैसला सुनाए जाते वक्त अदालत में सौरभ की मां रेनू देवी, भाई बबलू और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं मुस्कान और साहिल की मांग पर जेल ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनकी पेशी कराई गई। दोनों ने वहीं से अदालत की कार्यवाही को देखा और खुद के लिए मुकर्रर की गई सजा सुनी। 
मार्च 2025 में सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने देश भर के लोगों को झकझोर कर रख दिया था। सौरभ को बेरहमी से कत्ल कर उसके शव को काटकर एक नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से पैक कर दिया गया था। रूह कंपा देने वाली इस वारदात में सौरभ की अपनी ही पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला मुख्य आरोपी के रूप में सामने आए तो सारा देश हैरान रह गया। पिछले 13 महीनों से चल रही लंबी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान कुल 126 पेशियां हुईं और अभियोजन पक्ष की ओर से 22 अहम गवाह अदालत में पेश किए गए। इस मामले की अंतिम बहस 17 सितंबर को पूरी हो चुकी थी, जिसके बाद से सभी की निगाहें आज के इस फैसले पर टिकी हुई थीं। 
सौरभ की मां और भाई ने मुस्कान-साहिल के लिए मांगी थी फांसी की सजा
सौरभ राजपूत को बेरहमी से कत्ल किए जाने का गम आज भी उनके परिवार पर छाया हुआ है। सौरभ की मां रेनू देवी बुधवार को भी सुबह से रोए जा रही थीं। अदालत की कार्यवाही और फैसला सुनाए जाने के दौरान भी उनकी आंखों से झर-झर आंसू बहते रहे। सौरभ की मां और भाई दोनों ने मुस्कान और साहिल के लिए फांसी की सजा की मांग की थी। सौरभ की मां ने फैसला सुनाए जाने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि मुस्कान उनके सामने आए तो वह उससे पूछना चाहती हैं कि उसने मेरे लाल को क्यों मारा? वह चाहती तो अलग भी हो सकती थी। कत्ल क्यों किया? 
जेल में सुबह से दिख रहा था मुस्कान का डर, साहिल भी था गुमसुम
वहीं, फैसला सुनाए जाने से पहले जेल में बुधवार की सुबह से सबको मुस्कान का डर दिखाई दे रहा था। सुबह खबर आई कि जेल में मुस्कान काफी पूजा-पाठ कर रही हैं। वह संदरकांड का पाठ कर रही है। जबकि उसका प्रेमी और सह-आरोपी साहिल अब जेल के बाकी कैदियों से बातचीत बंद कर ज्यादातर चुप ही रहता है। हालांकि सौरभ की मां रेनू देवी ने मुस्कान के जेल में पूजा-पाठ करने को एक ढोंग बताया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह सब उसका ढोंग है। यहां घर में तो उसने आज तक एक बार भी दिया-बत्ती नहीं जलाई।"
साहिल के आने के बाद मुस्कान-सौरभ के रिश्तों में आई थी खटास
मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के इंदिरा नगर के सौरभ और उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी उर्फ सोभी ने 2016 में प्रेम विवाह किया था। 2019 में उनकी बेटी का जन्म हुआ। जांच के दौरान यह सामने आया कि इसी दौरान मुस्कान की मुलाकात उसके सहपाठी साहिल शुक्ला से हो गई। साहिल के आने के बाद मुस्कान और सौरभ के रिश्तों में खटास आ गई और बात तलाक तक जा पहुंची। सौरभ मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर लंदन चले गए, जिससे साहिल और मुस्कान के मिलन के रास्ते आसान हो गए। 
लंदन से लौटे सौरभ को बाधक मान, मुस्कान-साहिल ने उतारा मौत के घाट
जब सौरभ लंदन से अपने घर लौटे, तो उन्हें इस अवैध रिश्ते की भनक लग गई। मुस्कान-साहिल, सौरभ को अपने मिलने में बाधक मानने लगे। इसके बाद मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर सौरभ की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या इतनी खौफनाक थीं कि आरोपियों ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उन्हें एक नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट से पूरी तरह सील कर दिया था, ताकि किसी को कोई सुराग न मिल सके। हालांकि, पुलिस ने अपनी त्वरित और पेशेवर कार्रवाई से इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).