उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में खनन माफियाओं ने कानून को खुली चुनौती दी है। सोमवार देर रात रामनगर इमलिया गांव में अवैध मिट्टी खनन रोकने गई राजस्व टीम पर संगठित हमला कर दिया गया। हमले में सदर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो लेखपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप तो यहां तक है कि हमलावरों ने दो लेखपालों को कुछ देर तक बंधक बनाकर रखा। 
मिली जानकारी के अनुसार, गोमती किनारे रामनगर इमलिया में अवैध खनन की लगातार शिकायत मिल रही थी। सूचना पर सदर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह, सुमित कुमार सहित कई लेखपालों की टीम रात में छापेमारी करने पहुंची थी। टीम ने मौके पर जेसीबी से खनन होते देखा, तो रोकने की कोशिश की, लेकिन खनन माफिया और उनके गुर्गों ने लाठी-डंडों से टीम पर हमला बोल दिया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी
अचानक हुए हमले में नायब तहसीलदार जमीन पर गिर पड़े और उनका पैर टूट गया। बीच-बचाव करने आए लेखपालों को भी पीटा गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जुटे, तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल अफसरों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला ने बताया कि कोतवाली नगर में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे राजस्व महकमे में आक्रोश है। लेखपाल संघ ने कहा कि जब नायब तहसीलदार जैसे अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फील्ड में काम कैसे होगा। संघ ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और राजस्व टीमों को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है। 
जेसीबी और डंपर मौके से भागे
इस संबंध में डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध खनन होने की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण किया। एसडीएम सदर की सीयूजी से सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र, दो लेखपालों और गार्ड्स की टीम को जांच के लिए भेजा गया था, जिसमें खनन विभाग की टीम भी शामिल थी। जांच के दौरान वहां अवैध खनन होना पाया गया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और डंपर वहां से भागने लगे। प्रशासनिक टीम ने जब आगे की कार्रवाई की, तो अवैध खनन कर रहे लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। 
दो लोगों को हिरासत में लिया गया
इस हमले में नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए हैं, जिन्हें चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद रात में ही सख्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक डंपर को सीज किया गया है और दो एफआईआर दर्ज की गई है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में गैंगस्टर एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).