रिपोर्ट : LegendNews
बंगाल के बांकुड़ा से यूपी के सीएम योगी ने ममता बनर्जी पर बोला जोदार हमला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ममता बनर्जी सरकार पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि टीएमसी ने बंगाल की राष्ट्रवाद की धरती को तुष्टीकरण की धरती बना दिया है।
बंगाल चुनाव के लिए बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए योगी ने उल्लेख किया कि हाल ही में बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की हत्या कर दी गई, भाजपा ने इसके खिलाफ आंदोलन किया, लेकिन ममता दीदी मौन रहीं। उनको डर था कि अगर वो बोलेंगी तो उनका मुस्लिम वोट न खिसक जाए। ये वोटबैंक के सौदागर बंगाल की डेमोग्राफी बदलना चाहते हैं।
माफिया व दंगाइयों का इलाज सिर्फ भाजपा ही कर सकती है: योगी
बंगाल में आराजकता और गुंडागर्दी चल रहा है। एक समय उत्तर प्रदेश में हर एक पर्व और त्योहार पर दंगा होता था गुंडे और माफिया सता का संचालन करते थे। यूपी में जितने माफिया थे सब जहन्नुम की यात्रा पर चले गए।
यूपी में अब सब कुछ ठीक है। न कोई माफिया है, न कोई गुंडा, न कोई दंगा, न कर्फ्यू, यूपी में सब चंगा है। अब वहां हर नागरिक सुरक्षित है। यूपी में तुष्टीकरण नहीं अब संतुष्टीकरण है। गुंडे- माफिया व दंगाइयों का इलाज सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।
बंगाल अब बदलाव के रास्ते पर चल पड़ा है: योगी
योगी ने विश्वास जताया कि बंगाल में भी बदलाव जरूर आएगा। बंगाल अब बदलाव के एक नए रास्ते पर चल पड़ा है। आज बंगाल की दुर्दशा देखकर दुख होता है। बंगाल की धरती स्वामी विवेकानंद व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की धरती है। बंगाल को पहले कांग्रेस ने फिर वामपंथियों ने और अब पिछले पंद्रह सालों से टीएमसी ने गरीबी की ओर धकेल दिया है।
योगी ने कहा कि आपके पास वर्तमान का समय है और वक्त आपका आह्वान कर रहा है कि आने वाली पीढ़ी के साथ कांग्रेस, वामपंथ और टीएमसी को और खिलवाड़ करने की छूट मत दीजिए।
बंगाल को उसकी पुरानी शान वापस दिलाएंगे
सीएम योगी ने कहा कि टीएमसी द्वारा पोषित लोग यहां दुर्गा पूजा और नवरात्रि के उत्सवों के दौरान बाधाएं खड़ी करते हैं। अब हम इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकते। यह हम सभी के लिए मिलकर काम करने और बंगाल को उसकी पुरानी शान वापस दिलाने का सबसे सही समय है।
-Legend News

Recent Comments