रिपोर्ट : LegendNews
यूपी: CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, चढ़ावा चोरी से साधु-संतों का कोई मतलब नहीं
यूपी विधानमंडल में मॉनसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। सपा और कांग्रेस ने इसको लेकर सदन में नारेबाजी की। इस दौरान जैसे ही सीएम योगी बोलने के लिए खड़े हुए, सपा विधायक सचिन यादव ने हाथ में एक पोस्टर लहराया जिसमें सीएम की फोटो के साथ चढ़ावा चोरी को लेकर कई सवाल पूछे गए थे। इस वजह से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए बाहर कर दिया। इस दौरान सपा की महिला विधायकों ने सचिन यादव को घेर लिया ताकि मार्शल उनको बाहर ना ले जा सके। इसके बाद महिला मार्शल बुलाई गईं तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई।
नारेबाजी और शोरगुल के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी। इसके बाद प्रेस वार्ता में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस के आचरण की जमकर निंदा की। अध्यक्ष पीठ की अवमानना और मार्शलों के साथ धक्का मुक्की को लेकर उन्होंने सपा विधायकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने सदन में मार्शलों से मारपीट की जो निंदनीय है।
चढ़ावा चोरी का साधु-संतों से कोई मतलब नहीं
सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जो भी लोग पकड़े गए हैं, उनका भाजपा और साधु-संतों से कोई लेना देना नहीं। इसके बावजूद विपक्ष के नेता सनातन धर्म पर अनावश्यक लांछन लगा रहे हैं। ये लोग सत्य को दबाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। इसीलिए ये लोग सदन में चर्चा से भागना चाहते हैं।
ये लोग सदन का समय नष्ट करना चाहते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले से जो एजेंडा हाउस द्वारा तय किया गया था,उस एजेंडे के तहत जब सदन में विधायी कार्य हों,उन सभी पर विरोधी दल के लोगो ने कोई रुचि नही ली, सदन के बहुमूल्य समय को ये नष्ट करना चाहते हैं। ये जानबूझकर सदन की अवमानना करके लोकतंत्र की खिल्ली उड़ाना चाहते हैं। हम सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। ये कभी मीडिया पर हमला करते हैं। कभी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करते हैं। ये कोर्ट की बात नहीं मानते। ये नियम परंपराओं का पालन नहीं करते।
-Legend News

Recent Comments