रिपोर्ट : LegendNews
अंडर-19 चैंपियंस पर पैसों की बारिश, टीम को 7.5 करोड़ का नकद पुरस्कार देगा BCCI
नई दिल्ली। इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब जीतने वाली भारतीय टीम पर बीसीसीआई ने इनामों की बारिश कर दी है। बोर्ड ने खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि घोषित की है।
रकम बंटवारे पर काम जारी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी देते हुए कहा, 'जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच राशि के बंटवारे पर काम चल रहा है, लेकिन कुल इनाम 7.5 करोड़ रुपये ही होगा।'
फाइनल में रहा भारत का दबदबा
हरारे में खेले गए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के शतक ने टीम की जीत की नींव रखी। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन का अहम योगदान दिया। भारत ने 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मिडिल ऑर्डर बिखर गया। कालेब फाल्कनर के 115 रन भी टीम को हार से नहीं बचा सके। इंग्लिश टीम 311 रन पर सिमट गई।
पुरुष और महिला, दोनों खिताब भारत के पास
इस जीत के साथ भारत के पास अंडर-19 पुरुष और महिला, दोनों विश्व कप ट्रॉफियां हैं। यह भारतीय क्रिकेट सिस्टम की मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। भारत ने निकी प्रसाद के नेतृत्व में अंडर-19 टी20 विश्वकप 2025 का खिताब जीता था। तब भारत ने फाइनल में द. अफ्रीका को हराया था।
- Legend News

Recent Comments