अमेरिका और खाड़ी के उसके सहयोगी देशों ने संयुक्त राष्ट्र में एक प्रस्ताव पेश किया है जिसमें ईरान को चेतावनी दी गई है कि यदि वह होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले बंद नहीं करता, ''अवैध टोल'' वसूलना नहीं रोकता और सभी बारूदी सुरंगों (माइन्स) के स्थान का खुलासा नहीं करता तो उस पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं या अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
सुरक्षा परिषद में पेश किए गए प्रस्ताव का मसौदा 'एपी' को प्राप्त हुआ जिसमें यह भी मांग की गई है कि ईरान आवश्यक सहायता, उर्वरक और अन्य सामानों की आपूर्ति के लिए जलडमरूमध्य में एक मानवीय गलियारा स्थापित करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों में "तत्काल शामिल हो और सहयोग करे"। 
यह अमेरिका और उसके खाड़ी सहयोगियों द्वारा किया गया नवीनतम राजनयिक प्रयास है। इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में वाशिंगटन और तेहरान द्वारा अस्थायी युद्धविराम की घोषणा से कुछ घंटे पहले चीन और रूस ने जलडमरूमध्य को खोलने के उद्देश्य से लाए गए एक प्रस्ताव पर वीटो कर दिया था। 
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक बयान में ईरान पर जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश करके, जहाजों पर हमला करने की धमकी देकर, समुद्री बारूदी सुरंग बिछाकर और "दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्ग" के लिए टोल वसूलने का प्रयास करके "दुनिया की अर्थव्यवस्था को बंधक बनाए रखने" का आरोप लगाया।
रुबियो ने कहा कि उन्हें आने वाले दिनों में प्रस्ताव पर मतदान होने की उम्मीद है, लेकिन उन्होंने बाद में पत्रकारों से कहा कि उन्हें अब भी इस बात पर संदेह है कि अमेरिका द्वारा मसौदे में किए गए "मामूली बदलाव" परिषद में तेहरान के सहयोगियों द्वारा वीटो से बचने के लिए पर्याप्त होंगे या नहीं। 
इन बदलावों में बल प्रयोग को अधिकृत करने वाली भाषा को हटाना और इसके बजाय प्रतिबंधों की धमकी पर ध्यान केंद्रित करना शामिल है। व्हाइट हाउस में ब्रीफिंग के दौरान रूबियो ने कहा कि प्रस्ताव सफल होता है या नहीं, यह संयुक्त राष्ट्र के लिए "एक वास्तविक परीक्षा" होगी...।
अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि उनका मानना ​​है कि नया प्रस्ताव 15 सदस्यीय परिषद से पारित होने के लिए आवश्यक समर्थन प्राप्त कर लेगा, और ईरान के सहयोगियों से कोई विरोध या वीटो नहीं होगा। ट्रंप प्रशासन होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की कोशिश कर रहा है, जहां 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा युद्ध शुरू होने से पहले विश्व के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल का परिवहन होता था।
संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के तहत तैयार इस प्रस्ताव में कहा गया है कि यदि ईरान इसका पालन नहीं करता, तो स्थिति की गंभीरता के अनुरूप ''प्रभावी कदम'' उठाए जा सकते हैं, जिनमें प्रतिबंध भी शामिल हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).