रिपोर्ट : LegendNews
यूक्रेन ने किया रूस की राजधानी मॉस्को पर सैकड़ों ड्रोन के साथ भयानक हमला
यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर 500 से ज्यादा ड्रोन के साथ भयानक हमला किया है। रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS ने रविवार को स्थानीय और सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूक्रेन ने रात भर में 500 से ज्यादा ड्रोन से रूस पर हमला किया जिसमें मॉस्को के पास कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। TASS के मुताबिक शहर के मेयर से मिली जानकारी के आधार पर मॉस्को पर यह हमला "एक साल से ज़्यादा समय में सबसे बड़ा हमला" है। यूक्रेन का ये हमला बदले की कार्रवाई बताया जा रहा है। पिछले हफ्ते रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर हमला किया था जिसमें यूक्रेनी अधिकारियों ने 25 लोगों की मौत की बात कही थी।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि रविवार की रात रूसी राजधानी के उत्तर-पश्चिम में स्थित एक शहर खिमकी में एक घर पर ड्रोन गिरने से एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि एक और व्यक्ति मलबे के नीचे फंसा हुआ था। सोबयानिन ने बताया कि मॉस्को के उत्तर-पूर्व में स्थित मितिशची में दो पुरुषों की मौत हो गई जब एक निर्माणाधीन घर पर ड्रोन का मलबा गिर गया। उन्होंने आगे बताया कि मॉस्को में कुल 12 लोग घायल हुए जिनमें एक तेल रिफाइनरी में काम करने वाले निर्माण मजदूर भी शामिल था।
यूक्रेन ने रूसी की राजधानी मॉस्को पर किया हमला
रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने रात भर में 556 यूक्रेनी ड्रोन को रोका जबकि सोबयानिन ने कहा कि हवाई सुरक्षा बलों ने मॉस्को और उसके आस-पास के इलाकों की ओर बढ़ रहे 120 से ज्यादा ड्रोन को मार गिराया। TASS की रिपोर्ट के मुताबिक ड्रोन का मलबा गिरने से सुब्बोटिनो गांव में एक घर में आग लग गई जबकि पश्चिमी शहर इस्ट्रा में ड्रोन से कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने पर चार लोग घायल हो गए। रूस के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे, शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे के परिसर में भी ड्रोन के कुछ टुकड़े गिरे हालांकि हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा है कि इससे किसी के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
TASS ने टेलीग्राम पर एक घर की तस्वीरें पोस्ट कीं जो आग के गोले में घिरा हुआ था। इसके साथ ही कई क्षतिग्रस्त अपार्टमेंट ब्लॉक की तस्वीरें भी साझा कीं हैं जिनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात भर में 287 ड्रोन लॉन्च किए जिससे Dnipropetrovsk क्षेत्र और Zaporizhzhia जिले में कम से कम नौ लोग घायल हो गए। उसने आगे बताया कि उसने सात अलग-अलग जगहों पर इन ड्रोनों में से आठ को छोड़कर बाकी सभी को मार गिराया।
-Legend News

Recent Comments