रिपोर्ट : LegendNews
UIDAI के चेयरमैन को भारत के मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स पर भरोसा
वर्ल्ड बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और UIDAI के चेयरमैन नीलकंठ मिश्रा ने भारत के मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा ग्लोबल माहौल में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के रुख में बदलाव की उम्मीद करना मुश्किल है। लेकिन, उन्हें भारत की ग्रोथ स्टोरी पर अब भी भरोसा है।
अमेरिका की ऊंची ब्याज दरें
बिजनेस टुडे के साथ बातचीत में नीलकंठ मिश्रा ने कहा कि अमेरिका में ऊंची ब्याज दरों और दूसरे ग्लोबल कारणों से हो सकता है कि विदेशी फंड तुरंत भारत न आएं। फिर भले ही इस साल उभरते बाजारों ने विकसित बाजारों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया हो और आगे भी ऐसा कर रहे हों।
उन्होंने कहा, 'एसेट एलोकेटर अब उभरते बाजारों (EMs) में निवेश करने लगे हैं। लेकिन, अभी फंड का बड़ा प्रवाह नहीं हो रहा है। खासकर पिछले दो महीनों में। इस दौरान अमेरिका में लॉन्ग-टर्म ब्याज दरें बढ़ी हैं। जब अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो FPI भारत जैसे देशों में पैसा लगाने के बजाय अमेरिका में ही पैसा लगाना सुरक्षित और फायदेमंद मानते हैं। लिहाजा, भारत में फंड आना मुश्किल हो गया है।'
भारत की ग्रोथ स्टोरी पर सबको भरोसा
जाने-माने अर्थशास्त्री ने इस बात पर जोर दिया कि इसका भारत की ग्रोथ स्टोरी पर उनके भरोसे से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा कोई नहीं मिला जिसे भारत की ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा न हो।'
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सितंबर महीने में भारतीय शेयरों से 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा और 2026 में 2.32 लाख करोड़ रुपये तक की रकम निकाली है।
अभी मुश्किल है रुख में बदलाव
यह देखते हुए कि अमेरिका में 10-साल के बॉन्ड यील्ड लगभग 5.3% हैं और मॉर्गेज यील्ड इससे भी ज्यादा लगभग 7.5% हैं, मिश्रा ने कहा कि उभरते बाजारों के ज्यादा जोखिम वाले एसेट्स पर मिलने वाला रिटर्न भी काफी ज्यादा होना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'इस माहौल में यह उम्मीद करना बहुत मुश्किल है कि FPI भारत के प्रति बहुत उत्साहित होंगे। कारण है कि भारत अभी कोई अलग एसेट क्लास नहीं है। इसे सिर्फ EM और एशिया फंड के जरिए पैसा मिल रहा है और इन दोनों में ही कुछ दिक्कतें हैं।'
उदाहरण के लिए उन्होंने कहा कि पिछले साल दक्षिण कोरियाई शेयरों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। लेकिन, इस साल वे संघर्ष कर रहे हैं। जबकि मेमोरी मार्केट अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उम्मीद है कि मेमोरी की कीमतें कुछ समय तक ऊंची बनी रहेंगी।
-Legend News

Recent Comments