मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को डीएमके विधायक और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उधयनिधि स्टालिन को बड़ी राहत देते हुए पूछताछ पूरी होने के बाद रिहा करने का निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि उन्हें न्यायिक हिरासत में नहीं भेजा जाएगा। साथ ही, उधयनिधि को जांच एजेंसी के बुलाने पर सहयोग करने के निर्देश भी दिए।
यह आदेश उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। तमिलनाडु के महाधिवक्ता विजय नारायण ने अदालत को बताया कि पुलिस उधयनिधि स्टालिन की न्यायिक रिमांड नहीं मांगेगी। उन्होंने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें थाने से ही स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया जाएगा। महाधिवक्ता ने अदालत को यह भी बताया कि गिरफ्तारी महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए की गई है। 
चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में लेकर तंजावुर पहुंची पुलिस
इससे पहले मंगलवार सुबह तंजावुर (पूर्व) पुलिस ने चेन्नई के नीलांगरई स्थित उनके आवास से उधयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए तंजावुर ले गई। उनके खिलाफ कावेरी मुद्दे पर सोमवार को आयोजित एक विरोध सभा में दिए गए कथित बयान को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 
उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धारा 4 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उधयनिधि बोले, बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया
हिरासत में लिए जाने के बाद उधयनिधि स्टालिन ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की। उनका आरोप है कि उनके भाषण की संपादित क्लिप प्रसारित कर झूठा नैरेटिव तैयार किया गया। उन्होंने कहा, "कट, कॉपी और पेस्ट कर यह प्रचारित किया गया कि मैंने ऐसी बात कही, जो मैंने कभी नहीं कही। मैं इस तरह की कार्रवाई से डरने वाला नहीं हूं और कानूनी तरीके से इसका सामना करूंगा।" उन्होंने पुलिस कार्रवाई को "कॉमेडी" करार दिया।
कावेरी आंदोलन के दौरान हुई टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
विवाद उस समय शुरू हुआ जब कावेरी मुद्दे पर आयोजित सभा के दौरान भीड़ के एक हिस्से ने अभिनेत्री तृषा के नाम के नारे लगाए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उधयनिधि ने इस दौरान दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की। इसके बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) की महिला इकाई ने तंजावुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, डीएमके का कहना है कि उधयनिधि के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और उनकी टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं थी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).