रिपोर्ट : LegendNews
चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसे में दो इंजीनियर सस्पेंड, ठेकेदार के खिलाफ FIR
राष्ट्रीय राजधानी के चावड़ी बाजार इलाके में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे की सूचना के बाद सीएम रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंचीं। उनके साथ मंत्री आशीष सूद भी थे। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी हादसे वाली जगह पर पहुंचे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने की दुखद घटना हुई है। अब तक दो शव बरामद किए गए हैं और एक घायल व्यक्ति को बचाया गया है।
दो इंजीनियर सस्पेंड, ठेकेदार पर केस
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह इमारत ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो मंजिला थी। आगे की जांच से पता चलेगा कि इमारत गिरने का असली कारण क्या था। इस बीच, नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एमसीडी, कैट्स और एनडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर तैनात किया गया।
मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, कोई बख्शा नहीं जाएगा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं इस बात पर जोर देना चाहती हूं कि लोग अकसर अपने घर बनाते समय सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे उनकी अपनी जान को जानलेवा खतरा हो सकता है। कोई भी निर्माण कार्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करते हुए किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, जो भी अधिकारी ऐसी लापरवाही को अनदेखा करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। ठेकेदार, जो सीधे तौर पर इस प्रोजेक्ट की देखरेख कर रहा था, सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहा, इसलिए उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
चावड़ी बाजार में कैसे हुआ हादसा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक चावड़ी बाजार में जिस इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था, वह अवैध थी और असुरक्षित घोषित की गई थीं। सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इमारत की तीसरी मंजिल पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत ढहने लगी। उस समय वहां कुछ मजदूर काम कर रहे थे और ठेकेदार भी मौजूद था। उन्होंने बताया कि इमारत गिरने के दौरान मजदूरों को वहां से हटाया जाने लगा, लेकिन इसी प्रक्रिया में कुछ मजदूर मलबे में फंस गए। अब तक तीन लोगों की पहचान की गई है। तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
-Legend News

Recent Comments