रिपोर्ट : LegendNews
दो एक्ट्रेस पर लगा पद के दुरुपयोग का आरोप, CINTAA के 8 सदस्यों का इस्तीफा
मुंबई। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की एग्जीक्यूटिव कमिटी के आठ चुने हुए सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है. इन आठ सदस्यों ने एसोसिएशन के मौजूदा कामकाज पर भरोसा न होने का हवाला देते हुए अपने पदों और कमिटी से इस्तीफा दे दिया है. साथ ही सदस्यों ने नए चुनाव कराने की भी मांग की है.
एएनआई के मुताबिक, सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने उन आठ सदस्यों के नाम बताए हैं. इन आठ चुने हुए सदस्य हैं - हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्ढा, हेतल परमार, पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर.
अपने संयुक्त इस्तीफा पत्र में, सदस्यों ने कहा कि उनका यह फैसला सामूहिक फैसले लेने, सलाह-मशविरे और संवैधानिक कामकाज के सिद्धांतों से बार-बार हटकर काम करने की वजह से लिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि एसोसिएशन का कामकाज तेजी से सिंटा की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे और साथ ही एग्जीक्यूटिव कमेटी के कुछ अन्य सदस्यों तक ही सिमटता जा रहा था.
पत्र में लिखा था, 'प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों ने बार-बार एकतरफा फैसले लिए हैं. अपनी आईडी से सरकारी अधिकारियों को ऑफिशियल मैसेज भेजे हैं. इतना ही नहीं उन्होंने सिंटा की ऑफिशियल आईडी के जरिए इंडस्ट्री बॉडीज को भेजे जाने वाले मैसेज के बारे में भी एकतरफा फैसले लिए हैं. उन्होंने एग्ज़ीक्यूटिव कमिटी की जानकारी, सलाह या मंजूरी के बिना सार्वजनिक रूप से और अन्य सरकारी, अर्ध-न्यायिक और इंडस्ट्री बॉडीज के सामने एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व किया है, जिससे सामूहिक जिम्मेदारी का सिद्धांत कमजोर हुआ है.'
इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि ढिल्लों और कोल्हापुरे निजी तौर पर हायर किए गए वकीलों के साथ सरकारी दफ्तरों में गए थे, और उन्हें एग्जीक्यूटिव कमिटी की मंजूरी या अधिकार के बिना सिंटा के वकील के तौर पर पेश किया गया था.
इन सब के बीच सिंटा की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने एएनआई से बात करते हुए पुष्टि की कि 11 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है, जिनमें से आठ एग्जीक्यूटिव कमेटी के चुने हुए सदस्य थे. उपासना ने बताया कि चुने हुए आठ सदस्यों ने इस्तीफा देने के कारणों का जिक्र करते हुए अपनी शिकायतें भी सौंपी हैं. जिनमें कहा गया है कि पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लों अपने पदों का गलत इस्तेमाल कर रही हैं. उपासना सिंह ने आधिकारिक बातचीत के लिए पर्सनल ईमेल अकाउंट के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई है.
-Legend News

Recent Comments