रिपोर्ट : LegendNews
सरकार बनाने का दावा करने गए विजय से राज्यपाल ने कहा, पूरे 118 लेकर आइए
तमिलनाडु में जनादेश भले ही आ चुका है, लेकिन 'राजतिलक' के लिए जो तस्वीर होनी चाहिए, वो अभी तक धुंधली ही है. थलपति विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन अभी भी बहुमत जुटाना टेढ़ी खीर ही है. विजय ने कल ही समर्थन के लिए कांग्रेस को चिट्ठी लिखी थी, जिसका दिल्ली में काफी माथापच्ची के बाद 'हां' में जवाब दिया गया. विजय आज राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करने पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल से मौखिक रूप से कहा कि उनके पास जरूरी संख्या बल है. इस पर राज्यपाल ने कहा कि पहले जरूरी 118 विधायकों से हस्ताक्षर लेकर आइए. इस पर विजय ने राज्यपाल से थोड़ी मोहलत मांगी है.
तमिलनाडु में नंबर गेम क्या है?
तमिलनाडु में 234 सीटें हैं. विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की दरकार है. विजय बहुमत के करीब पहुंच कर ठिठक गए. 108 सीटों पर उन्होंने जीत दर्ज की. 5 सीटों वाली कांग्रेस का हाथ विजय के साथ तो आ गया, जिससे नंबर गेम में वे 113 तक पहुंच गए. अभी भी बहुमत के लिए 5 सीटें चाहिए. विजय ने अभी तक सभी 'ऑप्शन' को खुला रखा है. इसीलिए कांग्रेस की तर्ज पर ही AIADMK प्रमुख ई के पलानीस्वामी को भी विजय ने चिट्ठी लिखी है. इसके अलावा VCK, PMK, CPI जैसे छोटे दलों को भी विजय ने इग्नोर नहीं किया है. इन दलों का भी समर्थन मिल गया तो विजय आसानी से बहुमत पा लेंगे.
बैकडोर से चल रही छोटे दलों से बातचीत
थलपति विजय ने सरकार बनाने का दावा तो पेश कर दिया है. इससे साफ है कि बैकडोर से उनकी बातचीत छोटे दलों से चल रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, टीवीके की टीम वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन और पीएमके नेता अंबुमणि रामदास के भी संपर्क में है. वीसीके के पास 2 और पीएमके के पास 4 सीटें हैं. विजय खुद दो सीटों त्रिची ईस्ट और पेरुम्बुर पर चुनाव लड़े और दोनों से जीते. लिहाजा ये तय है कि वे एक सीट से तो इस्तीफा देंगे ही.
चुनाव में किसे कितनी सीटें मिलीं?
विधानसभा चुनाव में डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं। अन्य दलों में पीएमके को 4 और आईयूएमएल को 2 सीटें मिली हैं। सीपीआई, वीसीके और सीपीआईएम को भी 2-2 सीटों पर जीत मिली है। भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके के खाते में 1-1 सीट आई है। टीवीके सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं।
कब होगा शपथ ग्रहण?
राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब सरकार गठन की औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। विजय के राजनीति में आने और पहली बार में ही इतनी बड़ी जीत दर्ज करने से राज्य के सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
कांग्रेस ने डीएमके से तोड़ा पुराना नाता
कांग्रेस ने लंबे समय से सहयोगी रही डीएमके से नाता तोड़कर सरकार बनाने के लिए विजय की टीवीके को अपना समर्थन देने की घोषणा की। कांग्रेस ने कहा कि टीवीके प्रमुख विजय के समर्थन मांगने के बाद यह फैसला लिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए पार्टी मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में पटाखे फोड़े।
तमिलनाडु कांग्रेस के प्रभारी गिरीश चोडानकर ने कहा, आज, हम अपने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ टीवीके नेता विजय से मिले। हमने उन्हें अपना पूरा समर्थन दिया है। समर्थन पत्र देने के बाद हमने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी और महासचिव वेणुगोपाल जी से बात की। उन्होंने समर्थन के लिए तीनों नेताओं को धन्यवाद दिया। हमें उम्मीद है कि राज्यपाल उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।
-Legend News

Recent Comments