रिपोर्ट : LegendNews
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में जन्मे टीवी एक्टर गौरव खन्ना बने बिग बॉस विनर
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में जन्मे और टीवी की दुनिया के जाने-पहचाने एक्टर गौरव खन्ना ने दो वाइल्ड कार्ड एंट्री समेत कुल 17 प्रतियोगियों को हराते हुए बिग बॉस 19 की ट्रॉफ़ी अपने नाम की.
गौरव खन्ना ने अपनी परिपक्वता, स्मार्ट गेम, अच्छी तरह से हर टास्क को अंजाम देने की ख़ासियत, बाक़ी प्रतियिगियों के मुक़ाबले बरती गई शालीनता और फ़ैन्स के पॉपुलर वोटों के आधार पर बिग बॉस 19 का विजेता बनने में कामयाबी हासिल की.
105 दिनों तक चले इस रिएलिटी शो की शुरुआत से ही गौरव खन्ना को जीत का एक मज़बूत दावेदार माना जा रहा था.
होस्ट सलमान ख़ान भी शो में कई दफ़ा उनके तौर-तरीकों की काफ़ी सराहना करते नज़र आए थे.
ऐसे में गौरव की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती ही चली गयी और अंत में उन्होंने शो जीत लिया.
जीत के बाद गौरव खन्ना ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहा, "बिग बॉस के घर में 15 लोगों को ख़ुश करने में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं थी बल्कि मैं घर के बाहर 150 करोड़ लोगों से सीधे तौर पर जुड़ने के लिए इस घर में आया था. मैंने आत्मसम्मान और अपनी असली शख़्सियत के साथ गेम खेला. मैं दर्शकों का शुक्रगुज़ार हूं कि उन्होंने मेरी इस ख़ासियत को पहचाना और मुझे एक विजेता के रूप में चुना."
43 साल के गौरव खन्ना का टॉप 2 में मुक़ाबला जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखने वाली फ़रहाना भट से हुआ. फ़िनाले के तनावपूर्ण माहौल में एकबारगी लगा कि पिछले कई सालों से फ़िल्म इंडस्ट्री में एक अभिनेत्री के तौर पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहीं फ़रहाना का हाथ उठाकर सलमान उन्हें विजेता घोषित कर देंगे, मगर अंत में सलमान ने अपने चिरपरित अंदाज़ में गौरव खन्ना को बिग बॉस 19 का विजेता घोषित किया.
इस एलान के बाद सलमान ने उन्हें शो की चमचमाती ट्रॉफी थमाई और चैनल की ओर से इनामी राशि के तौर पर 50 लाख रुपए देने का भी एलान किया.
गौरव खन्ना के अलावा टॉप 5 में फ़रहाना भट, प्रणीत मोरे, अमाल मलिक और तान्या मित्तल भी पहुंचे थे.
टॉप 5 में से सबसे पहले बाहर होने वाले प्रतियोगी म्यूज़िक कम्पोजर अमाल मलिक थे जिन्हें सलमान ने एक दमदार कंटेस्टेट ठहराया था.
-Legend News

Recent Comments