रिपोर्ट : LegendNews
अमेरिका से जंग के बीच ईरान के शीर्ष नेतृत्व में घमासान, राष्ट्रपति पर भड़के मोजतबा
अमेरिका से जंग के बीच ईरान के शीर्ष नेतृत्व में घमासान चल रहा है। इजरायली मीडिया का दावा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान को बड़ी चेतावनी दी है। मोजतबा ने राष्ट्रपति मसूद से कहा है कि अगर वह भविष्य में राजनीतिक मोलभाव के लिए इस्तीफा देने की चाल चलते हैं तो इसे स्वीकार कर लिया जाएगा। रिपोर्ट का कहना है कि मोजतबा खामेनेई ने इस्तीफे को दबाव बनाने के हथियार के रूप में इस्तेमाल से रोकने के लिए यह चेतावनी दी है। इससे पहले दावा किया गया था कि ईरानी राष्ट्रपति ने प्रमुख नीतिगत फैसलों से अपना विरोध जताने के लिए इस्तीफा देने का ऑफर दिया था।
इजरायल के चैनल 14 ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि अब मोजतबा खामेनेई ने मसूद पेजेश्कियान से कहा है कि भविष्य में अगर वह इस्तीफा देते हैं तो इसे स्वीकार कर लिया जाएगा। इस बीच ईरानी अधिकारियों ने इजरायली मीडिया के इस दावे को पूरी तरह से खारिज किया है। चैनल 14 के दावे से ईरानी नेतृत्व को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। चैनल 14 ने कहा कि मसूद पेजेश्कियान इस बात से भड़के हुए थे कि उनकी सरकार की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति से जुड़ी नीतियों को बनाने में बहुत सीमित भूमिका है।
ईरानी राष्ट्रपति क्यों भड़के?
इजरायली चैनल ने दावा किया कि मसूद पेजेश्कियान ने मई महीने में इस्तीफा देने का ऑफर दिया था। ईरानी राष्ट्रपति ने कथित रूप से कहा था कि उनके प्रशासन को बड़े रणनीतिक फैसलों से पूरी तरह से किनारे कर दिया गया है। इजरायली चैनल ने कहा कि मोजतबा खामेनेई लगातार सेना IRGC के कमांडर अहमद वाहिदी को अमेरिका और क्षेत्रीय मुद्दों पर सपोर्ट कर रहे हैं। अहमद वाहिदी कट्टर रुख अपनाए हुए हैं जिसे तेहरान में काफी महत्व दिया जा रहा है। कमांडर अहमद वाहिदी ही अमेरिका से जुड़े मामलों में आखिरी फैसला कर रहे हैं।
गायब हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर
अमेरिका और इजरायल की तरफ से 28 फरवरी 2026 को किए गए हमले में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर बनाया गया। तब से लेकर आज तक मोजतबा को कहीं भी सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। ऐसे में रिपोर्ट्स सामने आ रहे हैं कि इजरायल और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां, मोसाद और सीआईए, उनकी तलाश कर रही हैं। इजरायली मीडिया ने द टाइम्स ऑफ लंदन के इस हफ्ते की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि मोजतबा खामेनेई ने फोन को हाथ नहीं लगाया है। न ही लैपटॉप, रेडियो या ऐसी किसी भी चीज को जिससे डिजिटल सिग्नल निकलता हो।
माना जा रहा है कि वह कहीं अंडरग्राउंड रह रहे हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उनके पिता की मौत वाले एयरस्ट्राइक में लगे जख्मों की वजह से उनका चेहरा खराब हो गया है। उन्हें डर है कि कोई अमेरिकी जासूसी सैटेलाइट उन्हें पहचान लेगा। उनके पिता का पता लगाने के लिए, इजरायल और अमेरिका ने लगभग हर साइबर ट्रिक का इस्तेमाल किया। सुप्रीम लीडर के बॉडीगार्ड और करीबी लोगों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ियों की पहचान करने के लिए तेहरान में ट्रैफिक कैमरों को हैक कर लिया गया था। अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी और उसकी इजरायली समकक्ष यूनिट 8200 के कोऑर्डिनेशन से बनी इस तकनीक से पता चला था कि उस दिन अली खामेनेई और उनके आस-पास के वरिष्ठ सैन्य और खुफिया अधिकारी ठीक कहां थे और वे सभी मारे गए।
-Legend News

Recent Comments