रिपोर्ट : LegendNews
ट्रंप की नेतन्याहू को चेतावनी, तनाव बढ़ने पर ईरान के मामले में अकेले पड़ सकते हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को चेतावनी दी कि अगर तनाव बढ़ता रहा तो वह जल्द ही ईरान के मामले में अकेले पड़ सकते हैं. ट्रंप ने यह बात इसराइल के 'चैनल 12' को दिए एक इंटरव्यू में कही.
इसराइली न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि नेतन्याहू ने रविवार को ईरान पर हमला करने के अपने अंतिम फ़ैसले के बारे में ट्रंप को योजना के अंतिम स्टेज तक जानकारी नहीं दी थी.
रविवार को ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा था कि वे ईरान पर जवाबी हमला करने से बचें.
दरअसल, इसराइल की ओर से लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किए जाने के बाद ईरान ने इसराइल पर हमले किए थे.
'चैनल 12' की रिपोर्ट के मुताबिक़ दोनों नेताओं के बीच बातचीत किसी सहमति के बिना समाप्त हुई और नेतन्याहू ने इस मामले में अपने अंतिम फ़ैसले की जानकारी ट्रंप को नहीं दी.
बाद में नेतन्याहू ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को बताया कि उन्होंने ईरान पर हमला करने का फ़ैसला कर लिया है. ट्रंप ने 'चैनल 12' से कहा कि वह इस हमले के "पैमाने को कम कराने" में सफल रहे.
ट्रंप ने नेतन्याहू को ईरान के साथ जारी हमलों को पूर्ण युद्ध में बदलने से बचने की चेतावनी भी दी.
उन्होंने 'चैनल 12' से कहा, "मैंने नेतन्याहू से कहा, आपको बहुत सावधान रहना चाहिए कि आप क्या कर रहे हैं क्योंकि बहुत जल्द ऐसा हो सकता है कि ईरान के सामने आप अकेले रह जाएं."
मैं नेतन्याहू को जो करने के लिए कहता हूँ, उसे वह कर देते हैं: ट्रंप
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर वह इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को कुछ करने के लिए कहते हैं, तो वह उसे कर देते हैं.
जब ट्रंप से पूछा गया कि उनकी ओर से इसराइल से ईरान के हमलों के जवाब में मिसाइलें न दागने के आग्रह के बावजूद नेतन्याहू ने जवाबी हमला किया.
इस पर ट्रंप ने कहा, नहीं... नहीं. वे पहले ही जा चुके थे. वे पहले ही जा चुके थे. वे पहले से ही रास्ते में थे.
ट्रंप ने नेतन्याहू के बारे में कहा, अगर मैं उनसे कुछ करने को कहता हूं, तो वह कर देते हैं.
दो महीने पहले ईरान के साथ युद्धविराम लागू होने के बाद रविवार को पहली बार इसराइल और ईरान ने एक-दूसरे पर हमले किए. इसके बाद अमेरिका और इसराइल के नेताओं के बीच बातचीत हुई.
-Legend News

Recent Comments