रिपोर्ट : LegendNews
ट्रंप ने कहा: अमेरिकी सेना का अभियान जल्द ख़त्म हो सकता है, लेकिन इस हफ्त़े नहीं
ईरान में युद्ध ख़त्म करने के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी सेना का अभियान जल्द ख़त्म हो सकता है, लेकिन यह इस हफ्त़े ख़त्म नहीं होगा.
ट्रंप ने कहा, ईरान के पास जो कुछ था वह लगभग ख़त्म हो चुका है, यहां तक कि उनकी लीडरशिप भी.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नए नेता के तौर पर जिस नाम की चर्चा हो रही है, उससे ज़्यादातर लोग परिचित भी नहीं हैं.
गौरतलब है कि ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा ख़ामेनेई नए सुप्रीम लीडर चुने गए हैं. उनके चुनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ख़ुश नहीं हैं.
वहीं ट्रंप ने यह भी बताया कि उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बातचीत हुई. उन्होंने कहा कि इस बातचीत में यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर भी चर्चा हुई.
ट्रंप ने कहा, यूक्रेन का युद्ध एक ऐसा संघर्ष है जो ख़त्म होता नहीं दिख रहा. राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के बीच गहरी दुश्मनी है और वे किसी समझौते पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. लेकिन मुझे लगता है कि उस मुद्दे पर बातचीत सकारात्मक रही.
उन्होंने कहा कि बातचीत में मध्य पूर्व की स्थिति पर भी चर्चा हुई और पुतिन ने कहा कि वह मदद करना चाहते हैं.
ट्रंप के मुताबिक़ उन्होंने पुतिन से कहा, अगर आप यूक्रेन का युद्ध ख़त्म कराने में मदद करें तो वह ज़्यादा मददगार होगा.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनने पर बधाई दी है.
रूसी राष्ट्रपति ने कहा था, तेहरान के लिए रूस अपना अटूट समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता को दोहराता है. वादा करते हैं कि हम एक भरोसेमंद साथी बने रहेंगे.
अमेरिका और इसराइल ने पिछले महीने के आख़िर में ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से मध्य पूर्व के देशों में तनाव बना हुआ है.
तेल सप्लाई के रास्ते को लेकर दी चेतावनी
ट्रंप ने ईरान को एक और चेतावनी दी है कि अगर उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में तेल की आवाजाही को बाधित किया तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किए अपने पोस्ट में कहा, "अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में तेल का परिवहन रोकने के लिए कुछ भी करता है, तो अमेरिका उन पर अब तक हुए हमलों के मुक़ाबले 20 गुना ज़्यादा ताकतवर हमला करेगा."
दुनिया के कुल तेल का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुज़रता है.
मौजूदा युद्ध के कारण यहां समुद्री रास्ते से आवाजाही काफ़ी कम हो गई है और दुनियाभर में तेल क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई है.
ट्रंप ने कहा, "इसके अलावा, हम ईरान के उन लक्ष्यों को निशाना बनाएंगे जिन्हें आसानी से तबाह किया जा सकता है. इससे ईरान का दोबारा एक देश के रूप में खड़े होना लगभग नामुमकिन हो जाएगा. उन पर मौत, आग और कहर बरसेगा. लेकिन मैं उम्मीद करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि ऐसा न हो."
-Legend News

Recent Comments