रिपोर्ट : LegendNews
ट्रंप ने कहा: ईरान सरकार बड़ी मुसीबत में है, पुतिन को पकड़ने के सवाल पर भी बोले
ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर अपनी ताज़ा प्रतिक्रिया में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान की सरकार "बहुत बड़ी मुसीबत" में है.
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पिछले कुछ हफ़्तों में लोगों ने शहरों पर कब्ज़ा कर लिया है, जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था कि ऐसा सच में हो सकता है."
ट्रंप ने दोहराया कि वह स्थिति पर क़रीब से नज़र रख रहे हैं.
उन्होंने कहा, "मैंने बहुत मज़बूती से कहा है कि अगर वे (ईरान सरकार) पहले की तरह लोगों को मारना शुरू करते हैं, तो हम कार्रवाई करेंगे. हम उन्हें वहीं मारेंगे जहाँ सबसे ज़्यादा दर्द होगा."
ट्रंप का कहना है, "इसका मतलब सेना की मौजूदगी नहीं है. इसका मतलब है उन्हें वहीं बहुत, बहुत ज़ोर से मारना जहाँ उन्हें दर्द होता है. इसलिए, हम नहीं चाहते कि ऐसा हो."
ईरान में 13 दिनों से सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं, जो देश की अर्थव्यवस्था के बुरे हालात को लेकर शुरू हुए थे.
मानवाधिकार समूहों के अनुसार इन प्रदर्शनों में हुई हिंसा में कम से कम 48 प्रदर्शनकारी और 14 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं. इसकी वजह से पूरे देश में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है.
पुतिन को पकड़ने के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक पत्रकार ने सवाल किया, लगता है कि वो (राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की) चाहते हैं कि आप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पकड़ लें. क्या आप कभी ऐसे किसी मिशन का आदेश देंगे?
इस सवाल पर ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि इसकी ज़रूरत पड़ेगी. मेरे उनके साथ (पुतिन के साथ) हमेशा बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं लेकिन मैं बहुत निराश हूँ.”
“मैंने आठ युद्ध रुकवाए हैं. यह (रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाना) आसान लग रहा था. इसमें हज़ारों लोग मारे गए हैं. इनमें से कई रूसी हैं. रूस की अर्थव्यवस्था भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है.”
पिछले हफ़्ते वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास पर अमेरिका ने हमला कर देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को 'पकड़' लिया था. इसकी जानकारी ख़ुद राष्ट्रपति ट्रंप ने दी थी.
इस ऑपरेशन के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका लाया गया.
इस मामले पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने किसी नेता का नाम लिए बग़ैर कहा था, अगर तानाशाहों के साथ ऐसा करना मुमकिन है, तो इसका मतलब है कि अमेरिका को पता है कि आगे क्या करना है."
-Legend News

Recent Comments