अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ को लेकर एक बार फिर भारत को निशाना बनाया है और हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिल का उदाहरण देते हुए भारत पर एकतरफ़ा टैरिफ़ लगाने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि भारत ने अमेरिका पर दुनिया का सबसे अधिक टैरिफ लगा रखा है जबकि अमेरिकी बाज़ार भारतीय उत्पादों के लिए खुले हुए थे. 
ट्रंप ने दिया हार्ले-डेविडसन का उदाहरण 
बुधवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफ़िस में राष्ट्रपति ट्रंप पत्रकारों से बात कर रहे थे. उस दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका रिश्ते को एकतरफ़ा बताया और हार्ले-डेविडसन का उदाहरण दिया, जो दुनिया की जानी-मानी बाइक कंपनी है.
उन्होंने कहा, "हम भारत के साथ बहुत अच्छे संबंध रखते हैं, लेकिन आपको समझना होगा कि कई सालों तक यह रिश्ता एकतरफ़ा रहा. केवल अब, जब मैं आया और हमारे पास टैरिफ़ की ताक़त आई, तब इसमें बदलाव आया."
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "भारत हमसे बहुत ऊँचे टैरिफ़ वसूल रहा था, दुनिया में सबसे अधिक. दरअसल, वे नंबर वन (टैरिफ़ में) थे. इसी वजह से हम भारत के साथ ज़्यादा कारोबार नहीं कर रहे थे, लेकिन भारत हमारे साथ कारोबार कर रहा था क्योंकि हम उन पर टैरिफ़ नहीं लगाते थे. हमने टैरिफ़ वसूल नहीं किया था."
"इसलिए वे अपने उत्पादों को बड़े पैमाने पर अमेरिका भेजते थे. जो भी वे बनाते, भेज देते थे. इसका नकारात्मक असर यह हुआ कि वे चीज़ें यहां नहीं बनती थीं. वहीं हम भारत में कुछ नहीं भेज पाते थे क्योंकि वे हमसे 100% टैरिफ़ लेते थे."
उन्होंने हार्ले-डेविडसन का उदाहरण देते हुए कहा, "भारत में हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिल नहीं बेच पा रही थी क्योंकि उस पर 200% टैरिफ़ था. नतीजा यह हुआ कि हार्ले-डेविडसन ने भारत जाकर मोटरसाइकिल प्लांट बनाया. अब उन्हें टैरिफ़ नहीं देना पड़ता, ठीक वैसे ही जैसे हमें नहीं देना पड़ता."
ट्रंप ने कहा, "हमारे यहाँ कई कार फ़ैक्टरियों का निर्माण चल रहा है या उनकी डिज़ाइनिंग हो रही है. ये कंपनियां चीन से आ रही हैं, मेक्सिको से आ रही हैं और कनाडा से भी बहुत कंपनियां आ रही हैं. वे सब अमेरिका में अपने उद्योग लगाना चाहते हैं."
हालांकि ट्रंप ने ऐसा पहली बार नहीं कहा है. उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में भी हार्ले-डेविडसन का मुद्दा उठाया था.
साल 2018 में ट्रंप ने कहा था कि भारत का इन बाइक पर 60-75% टैक्स लगाना ग़लत है.
ताज़ा बयान में ट्रंप ने दावा किया कि भारत पहले हार्ले-डेविडसन पर 200% टैरिफ़ लगाता था. लेकिन असल में यह 100% था, जिसे घटाकर 50% किया गया था. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).