काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े अभिनीत फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन इन प्रोग्रेस' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में कीटनाशक आधारित खेती और उसके समाज व लोगों की सेहत पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को एक रोमांचक और भावनात्मक कहानी के जरिए सामने लाया गया है। दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद और सामाजिक संदेश से भरपूर यह ट्रेलर न्याय, संघर्ष और सच की लड़ाई की झलक पेश करता है।
फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। निर्देशक चेतन डीके ने कहा कि ‘द इंडिया स्टोरी' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी चर्चा की शुरुआत है, जो आज के समय में बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक फिल्म उस समस्या पर रोशनी डालती है, जो चुपचाप करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही है।
काजल अग्रवाल ने कहा कि इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि उनका किरदार हर परिस्थिति में सच का साथ देता है और यही फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं, श्रेयस तलपड़े ने कहा कि यह कहानी एक आम इंसान की असाधारण संघर्ष यात्रा को दिखाती है जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ सोचने पर भी मजबूर करेगी। फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर निशांत भागवत, संगीतकार मंगेश धाकड़े, गीतकार शकील आज़मी, एडिटर आशीष म्हात्रे और साउंड डिज़ाइनर अनमोल भावे शामिल हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).