रिपोर्ट : LegendNews
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, दिल्ली सरकार ने वापस ली B&B पॉलिसी
दिल्ली के मालवीय नगर में बीते दिन एक रेस्टोरेंट में आग लग गई थी। इस हादसे में करीब 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अब इस मामले में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। दरअसल दिल्ली सरकार में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा का कहना है कि सीएम रेखा गुप्ता की नेतृत्व वाली सरकार ने ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) पॉलिसी को वापस ले लिया है। इस नीति के तहत संचालित सभी होटल और आवासीय इकाइयों की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) योजना को आधिकारिक रूप से वापस लेने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के तहत लाइसेंस प्राप्त सभी होटलों और प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच कराई जाएगी।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों, लाइसेंसिंग प्रक्रिया और नियमों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। कपिल मिश्रा ने यह भी कहा कि जांच पूरी हो जाने के बाद सरकार फैसला करेगी, इस योजना को भविष्य में जारी रखा जाए, या इसमें बदलाव किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने आगे कहा कि मालवीय नगर की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में सरकार सुनिश्चित करना चाहती है, कि राजधानी में चल रहे सभी आवासीय प्रतिष्ठान तय सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं फिर से न हो।
संचालकों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
कपिल मिश्रा ने कहा कि B&B लाइसेंस के तहत होटल या गेस्ट हाउस संचालित करने वाले सभी ऑपरेटरों की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी, भवन मानकों, लाइसेंस की शर्तों और अन्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन की समीक्षा में नियमों का उल्लंघन मिलता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह भी सुनिश्चित करना चाहती गै कि किसी भी प्रतिष्ठान में लोगों की सुरक्षा से समझौता न हो।
लाइसेंस भी होगा रद्द
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि B&B लाइसेंस के तहत संचालित प्रतिष्ठानों को केवल 6 कमरों तक संचालन की अनुमति दी जाती है और इस नियम का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी होटल, , गेस्ट हाउस या B&B प्रतिष्ठान में तय सीमा से ज्यादा कमरे संचालित होते पाए गए, तो संबंधित लाइसेंसधारक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, उसका लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री के अनुसार, B&B योजना का उद्देश्य सीमित स्तर पर आवास सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन अगर इसकी आड़ में बड़े पैमाने पर होटल या व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, तो ऐसे मामलों में सरकार कड़ा रुख अपनाएगी।
-Legend News

Recent Comments