रिपोर्ट : LegendNews
हिंदी सिनेमा की पहली फीमेल सुपरस्टार का तमगा प्राप्त श्रीदेवी का जन्मदिन आज
हिंदी सिनेमा की पहली फीमेल सुपरस्टार कही जाने वाली श्रीदेवी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका नाम और उनका काम हमेशा याद किया जाएगा। अपनी खूबसूरती, शानदार डांस और दमदार एक्टिंग से उन्होंने कई दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। 13 अगस्त को उनके 63वें जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनके परिवार, फिल्मी सफर और जिंदगी से जुड़े कुछ खास किस्से।
श्रीदेवी का असली नाम था श्रीअम्मा यंगर अयप्पन
श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु के शिवकाशी में हुआ था। उनका पूरा नाम श्रीअम्मा यंगर अयप्पन था। उनके पिता अय्यपन पेशे से वकील थे, जबकि उनकी मां राजेश्वरी आंध्र प्रदेश से थीं।
श्रीदेवी के परिवार में उनकी बहन श्रीलता और दो सौतेले भाई आनंद और सतीश थे। बचपन से ही उनका झुकाव फिल्मों की तरफ हो गया था। यही वजह रही कि वह आम बच्चों की तरह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं।
4 साल की उम्र में शुरू हुआ फिल्मी सफर
श्रीदेवी ने बेहद कम उम्र में एक्टिंग शुरू कर दी थी। तमिल फिल्म 'थुनाइवान' में उन्होंने पहली बार चाइल्ड एक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद उन्होंने मलयालम, तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम मिलने लगा।
मलयालम फिल्म 'पूमबत्ता' के लिए उन्हें केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड भी मिला। इतनी कम उम्र में मिलने वाला यह सम्मान उनके टैलेंट की झलक दिखाता है। बचपन से ही कैमरे के सामने रहने वाली श्रीदेवी ने आगे चलकर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी एक्ट्रेस के तौर पर अपनी जगह बनाई।
'सोलहवां सावन' से बॉलीवुड में की एंट्री, 'हिम्मतवाला' ने बनाया स्टार
श्रीदेवी ने 'सोलहवां सावन' से हिंदी फिल्मों में बतौर लीड एक्ट्रेस कदम रखा, लेकिन असली पहचान उन्हें 'हिम्मतवाला' से मिली। इसके बाद 'तोहफा', 'नगीना', 'मिस्टर इंडिया', 'चांदनी' और 'चालबाज' जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शामिल कर दिया।
'मिस्टर इंडिया' का 'हवा हवाई' गाना आज भी यादगार है, वहीं 'चालबाज' में डबल रोल ने उनकी एक्टिंग का अलग अंदाज दिखाया। 1983 की 'सदमा' में कमल हासन के साथ उनके अभिनय ने साबित किया कि श्रीदेवी सिर्फ ग्लैमरस स्टार नहीं, बल्कि बेहद दमदार एक्ट्रेस भी थीं।
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
श्रीदेवी का फिल्मी करियर सिर्फ हिंदी सिनेमा तक सीमित नहीं था। उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। अपने लंबे करियर में उन्होंने करीब 300 फिल्मों में काम किया। उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और हर भूमिका में खुद को नए अंदाज में पेश किया।
1 करोड़ फीस लेने वाली पहली एक्ट्रेस
80 और 90 के दशक में श्रीदेवी का स्टारडम ऐसा था कि वह फिल्मों के हीरो को भी कड़ी टक्कर देती थीं। उस दौर में जहां फिल्मों के हीरो सबसे ज्यादा फीस लेने के लिए जाने जाते थे, वहीं श्रीदेवी ने अपनी फीस को लेकर नया मुकाम बनाया।
कहा जाता है कि वह 1 करोड़ रुपये फीस लेने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री थीं। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए निर्माता उन्हें फिल्म की सफलता की गारंटी के तौर पर देखते थे। श्रीदेवी ने सिर्फ फीस के मामले में ही नया ट्रेंड नहीं बनाया, बल्कि वह अपनी पर्सनल वैनिटी वैन रखने वाली शुरुआती एक्ट्रेस में भी शामिल थीं।
-Legend News

Recent Comments