अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खत्म करने की चेतावनी दी है। उन्होंने अपने अंदाज में ट्रूथ सोशल पर लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी। ट्रंप की यह धमकी तब आई है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए उनकी दी हुई डेडलाइन आज रात खत्म हो रही है। ट्रंप लगातार ईरान पर जमीनी कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। वहीं, ईरान ने कहा है कि उसका सब्र अब खत्म हो रहा है और वह अमेरिका के साथ-साथ उसके सहयोगी देशों को भी निशाना बनाएगा। 
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर क्या लिखा 
ट्रंप ने लिखा, आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हालाँकि, अब जब हमारे यहाँ 'पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन' हो गया है—जहां अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग हावी हैं—तो शायद कुछ बहुत ही शानदार और क्रांतिकारी हो सकता है; कौन जाने? हमें आज रात पता चल जाएगा—जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है। 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा। ईरान के महान लोगों पर ईश्वर की कृपा हो! 
ट्रंप ने ईरान के पुलों, पावर ग्रिड को उड़ाने की दी है धमकी
इससे पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक कॉन्फ्रेंस के दौरान होर्मुज स्ट्रेट खोलने की चेतावनी देते हुए ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों को बर्बाद-तबाह करने की बात दोहराई थी। उन्होंने कहा कि ईरान को "एक ही रात में खत्म किया जा सकता है।" चेतावनी दी कि अगर ईरान तय समय से पहले अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो कार्रवाई कभी भी हो सकती है और यह मंगलवार रात भी हो सकती है। व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान के नेता बातचीत तो कर रहे हैं, लेकिन अभी स्पष्ट नहीं है कि कोई समझौता होगा या नहीं। वहीं, ईरान ने भी अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। 
इजरायल ने ईरानी रेलवे सिस्टम उड़ाने की धमकी दी 
इस बीच इजरायल ने भी ईरान के रेलवे सिस्टम को उड़ाने की धमकी दी। आईडीएफ ने ईरानियों को रेल सेवा का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। इसके बाद दोपहर होते-होते कई ठिकानों पर हमला कर दिया। अर्द्ध सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी और आईआरएनए न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। बताया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरीज-जंजान हाईवे पर बने एक पुल को ही नहीं, याह्या अबाद रेलवे पुल समेत खार्ग द्वीप को निशाने पर लिया गया। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).