मथुरा। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना (Population Enumeration) के अंतर्गत तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज, मथुरा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं एवं फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की गई। इसमें हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के उपरांत जनसंख्या गणना की तैयारी, परिवारवार विवरण दर्ज करना, परिवार के सदस्यों की प्रविष्टि, बेघर परिवारों की गणना, संस्थागत एवं सामान्य परिवारों से संबंधित विवरण, मकान एवं परिवार की पहचान, सामान्य निवास तथा वर्तमान निवास से संबंधित प्रश्नों की समझ, परिवार के मुखिया एवं अन्य सदस्यों का विवरण, जन्मतिथि एवं आयु संबंधी जानकारी, वैवाहिक स्थिति, साक्षरता एवं शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय एवं रोजगार से संबंधित प्रश्नों सहित जनगणना प्रश्नावली के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त, जनगणना ऐप के विभिन्न विकल्पों एवं मॉड्यूल का संचालन, सही विकल्प का चयन, डेटा एंट्री में शुद्धता, प्रविष्टियों की जाँच एवं त्रुटियों का निराकरण, डेटा सेव एवं सबमिट करने की प्रक्रिया, निर्धारित निर्देशों के अनुरूप गणना कार्य, छूटे हुए परिवारों एवं व्यक्तियों की पहचान, क्षेत्र का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना तथा प्रभावी मास्टर प्लान तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। जनगणना संबंधी प्रश्नों की गहराई से व्याख्या करते हुए प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से फील्ड में जाकर जनसंख्या गणना ऐप का परीक्षण भी कराया गया। इससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में ऐप के उपयोग, परिवारवार प्रविष्टियों तथा गणना प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।

समापन सत्र में डिप्टी कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण की बारीकियों का गहन अध्ययन करने तथा सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करने की अपेक्षा व्यक्त की, ताकि फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर जिला प्रभारी जनगणना श्री मृगेन्द्र बहादुर सिंह, सह-प्रभारी जनगणना श्री अभिषेक पाण्डेय  तथा जिला मास्टर ट्रेनर श्री बलवीर सिंह, श्री सुधीर सोलंकी, श्री गिरीश कौशिक एवं श्री प्रकाश चंद सहित अन्य संबंधित प्रतिभागी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं एवं व्यावहारिक चुनौतियों के संबंध में दक्ष बनाना था, जिससे वे आगे सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).