हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने नौ दिनों तक इंतजार किया और फिर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा ने यूपी विधानसभा चुनावों में तालमेल के उनके खुले ऑफर को ठुकराया तो ओवैसी ने भी जैसे अबकी बार उनकी चुनावी जड़ें ही उखाड़ने की ठान ली है। असदुद्दीन ओवैसी ने सपा और अखिलेश यादव को टारगेट करने के लिए सबसे पहले आजमगढ़ को चुना है, जिसे मुलायम सिंह यादव ने तीन दशकों से ज्यादा समय तक अपना अभेद्य किला बनाकर रखा था।
एआईएमआईएम एमपी असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी के मुसलमानों से कहा है कि वे 'यादव परिवार की लाल टोपी की गुलामी' करना बंद कर दें। ओवैसी ने यह आह्वान आजमगढ़ की सभा में किया, जिसे सपा का गढ़ माना जाता है। 2014 के बाद की राजनीति भी देखें तो कमोवेश इस इलाके पर समाजवादी पार्टी और मुलायम परिवार का ही दबदबा रहा है। 
मुस्लिम नेतृत्व की बात कहकर सपा को चुनौती
आजमगढ़ में जाकर ओवैसी का यह कहना कि मुसलमान अब नेता बनने की तैयारी करें, क्योंकि उन्होंने जिन दलों के लिए सीढ़ियां लगाईं, उन्होंने कभी भी उन्हें उनका वाजिब हक नहीं दिया। इसके लिए उनके निशाने पर सपा ही नहीं, बसपा और कांग्रेस है।
आजमगढ़ के रास्ते लखनऊ फतह का मंसूबा
असदुद्दीन ओवैसी का आरोप है कि यूपी के मुसलमानों ने मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव की खिदमत में पीढ़ियां लगा दीं, लेकिन उन्होंने किसी मुसलमान को प्रमुख नेता बनने का मौका नहीं दिया। उनका आरोप है कि सिर्फ मुसलमान ही नहीं, यहां का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्यमंत्री रह कर भी मुलायम ने क्षेत्र की भी उतनी ही उपेक्षा की। उनका दावा है कि अब इलाके के मुसलमानों ने अपने विकास की ठानी है और उन्होंने अपना नेता चुनना तय कर लिया है।
मुसलमानों को अपना नेता चाहिए: असदुद्दीन ओवैसी
ओवैसी का आरोप है कि कांग्रेस हो या सपा और बसपा, ये सेकुलरिज्म के नाम पर सिर्फ मुसलमानों का वोट लेती हैं, लेकिन जब बात मुस्लिम नेतृत्व की आती है, तो उन्होंने हमेशा इससे कन्नी काटी है।
वोट बैंक से छिटके मुसलमान तो सपा का क्या होगा?
यूपी में मुस्लिम आबादी लगभग 19.5 फीसदी है और आजमगढ़ में भी मुसलमान वोटरों की तादाद करीब 16 से 17 फीसदी बताई जाती है। ऐसे में आजमगढ़ में जाकर मुस्लिम नेतृत्व का मुद्दा उठाकर ओवैसी ने अखिलेश यादव को बड़ी चुनौती दे दी है। अलबत्ता, उनका पिछला ऐसा ही प्रयास बुरी तरह से फेल हो चुका है।
2012 से यूपी के मुसलमान सपा के साथ
अगर 1989 के बाद से यूपी की चुनावी राजनीति को देखें तो प्रदेश के मुसलमानों ने यादव-मुस्लिम या दलित-मुस्लिम वोट बैंक बनाकर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की मदद की है। हालांकि, 2012 से यूपी के मुसलमानों का झुकाव एकतरफा समाजवादी पार्टी की ओर दिखा है। इसलिए ओवैसी का मंसूबा अखिलेश यादव के लिए खतरे की घंटी हो सकती है।
सपा और अखिलेश की नई कहानी लिखेंगे ओवैसी!
सूत्रों की मानें तो भले ही सपा या कांग्रेस ने गठबंधन के असदुद्दीन ओवैसी के इरादों पर पानी फेर दिया हो, लेकिन अभी भी चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और पल्लवी पटेल की अपना दल (कमेरावादी) जैसी छोटी पार्टियों के साथ चुनावी तालमेल की संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं। मतलब, ओवैसी ने आजमगढ़ में सपा के खिलाफ जो बिगुल बजायी है, अगर मुसलमानों ने उसे गंभीरता से लिया तो 2027 का विधानसभा चुनाव सपा और अखिलेश की राजनीति की नई कहानी लिख सकता है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).