रिपोर्ट : LegendNews
जिस प्रोड्यूसर पर मैंने झूठा आरोप लगाया, उसी ने मुझसे शो में वापसी के लिए मिन्नतें कीं
'भाबीजी घर पर हैं' की मशहूर 'अंगूरी भाभी' यानी शिल्पा शिंदे एक बार फिर अपने पुराने विवाद को लेकर चर्चा में हैं। रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में अभिनेत्री ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक्ट्रेस ने शो के दौरान कंटेस्टेंट से बातचीत करते हुए बताया कि जिस प्रोड्यूसर संजय कोहली पर उन्होंने कभी यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, उसी ने 9 साल बाद उन्हें शो में वापस लाने के लिए गिड़गिड़ाकर मिन्नतें कीं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फर्जी यौन उत्पीड़न केस पर क्या बोलीं शिल्पा?
शो में बातचीत के दौरान कंटेस्टेंट योगेश रावत और रियाज अली ने शिल्पा से फर्जी यौन उत्पीड़न केस को लेकर सवाल किए। योगेश ने कहा कि ऐसे आरोप किसी भी व्यक्ति की जिंदगी पर गहरा असर डाल सकते हैं। इस पर शिल्पा ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कानून का गलत इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि अपने हक के लिए उसका सहारा लिया।
उन्होंने कहा- मैंने साम, दाम, दंड, भेद सब अपनाया। अगर आपको लगता है कि मैंने कानून को अपने पक्ष में मोड़ा, तो वही लोग बाद में किसी महिला के साथ घटना होने पर कहते हैं कि उसने अपने लिए लड़ाई क्यों नहीं लड़ी।
9 साल बाद मुझे खुद वापस बुलाया गया
शिल्पा ने दावा किया कि अब उनके और प्रोड्यूसर के रिश्ते सामान्य हैं। उन्होंने कहा, वो आज मेरे साथ अच्छे हैं। 9 साल बाद उन्होंने गिड़गिड़ाकर मुझे शो में वापस बुलाया। आखिर क्यों बुलाया?
जब योगेश अपनी राय पर कायम रहे तो शिल्पा ने जवाब दिया, मैं सही हूं। तुम अभी छोटे हो, जब ऐसी स्थिति का सामना करोगे, तब समझोगे।
क्या था पूरा मामला?
साल 2016 में शिल्पा शिंदे ने 'भाबीजी घर पर हैं' छोड़ दिया था। इसके बाद उनका शो के निर्माताओं के साथ विवाद काफी बढ़ गया। शिल्पा ने आरोप लगाया था कि उन्हें बकाया भुगतान नहीं मिला और सेट पर उनका उत्पीड़न हुआ। वहीं, प्रोडक्शन हाउस ने उन पर अनुबंध तोड़ने और गैर-पेशेवर रवैये का आरोप लगाया।
बाद में शिल्पा ने प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, यह मामला बाद में अदालत के बाहर समझौते के जरिए सुलझ गया।
पॉडकास्ट में किया था बड़ा खुलासा
कुछ समय पहले भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे ने स्वीकार किया था कि यौन उत्पीड़न का आरोप सही नहीं था। उन्होंने कहा था कि उस समय उन्हें लगा कि उनके पास लड़ने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया।
शिल्पा के मुताबिक बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, उन्हें उनका बकाया भुगतान मिला और दोनों ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बात न करने का फैसला किया।
9 साल बाद फिर बनीं अंगूरी भाभी
'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर शिल्पा शिंदे को जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। उनके शो छोड़ने के बाद यह भूमिका शुभांगी अत्रे ने निभाई। अब करीब 9 साल बाद शिल्पा एक बार फिर उसी किरदार में शो में लौट आई हैं, जिसे लेकर उनके फैंस काफी उत्साहित हैं।
-Legend News

Recent Comments