रिपोर्ट : LegendNews
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लीलामंच पर माखन-चोरी लीला के संग हुआ श्रीकृष्ण रासलीला का शुभारम्भ
मथुरा। श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के सिद्ध लीला मंच पर आज सोमवार भाद्रपद कृष्ण पंचमी तद्नुसार दिनांक 01 सितम्बर 2026 परंपरागत श्रीकृष्ण लीलाओं का शास्त्रीय नियमों एवं ब्रज की परंपराओं के अनुरूप मंचन प्रारम्भ हुआ। सुप्रसिद्ध रासाचार्य स्वामी श्री देवकीनन्दन जी महाराज की मण्डली द्वारा प्रस्तुत माखन-चोरी लीला का रसास्वादन श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर पधारे श्रद्धालु/तीर्थयात्रियों ने बड़े ही भाव एवं श्रद्धा से किया।
ब्रजवासियों को सदैव ही भाव विभोर करती रही कन्हैया की माखन-चोरी लीला की सजीव प्रस्तुति में श्रद्धालुओं के मध्य कन्हैया ने प्रसाद वितरण किया और मटकी फोड़ी। रासाचार्य स्वामी श्रीदेवकीनन्दन जी ने माखन-चोरी के भाव को स्पष्ट करते हुऐ बताया कि गौरस का संग्रह करना उचित नहीं है, अपितु अपने आसपास के क्षेत्र में आवश्यकतानुसार ग्वाल-बाल में वितरण करना ही श्रेष्ठ है। यदि हम माखन चोरी लीला के भाव को धारण कर लें तो घी, दूध और खाद्य वस्तुओं का संकट दूर हो जायेगा।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का शुभारम्भ श्रीगणपति-नवग्रह पूजन एवं श्रीहनुमान चालीसा के सस्वर पाठ तदो्परान्त श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार की आरती के साथ श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा, प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, श्रीकृष्ण लीला मण्डल के श्री मुकेश खण्डेलवाल ऐडवोकेट, श्री कन्हैया लाल रंग वाले, श्री ब्रजकिशोर घी वाले, श्री महेश चन्द्र प्रेस वाले, श्री अनिलभाई ड्रेस वाले, श्री गौरव अग्रवाल एवं श्री राजीव गुप्ता द्वारा किया गया।
श्रीकृष्ण लीला मंचन के लिए श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के सिद्ध लीलामंच को बड़े ही भव्य एवं दिव्य रूप से सजाया गया है। पत्र, पुष्प एवं वस्त्र आदि के संयोजन से मंच की सज्जा की ही गयी है साथ ही प्रकाश के अद्भुद संयोजन से लीलामंच जगमग हो उठा।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान एवं श्रीकृष्ण लीला मण्डल द्वारा सभी भक्तों से अनुरोध किया है कि पंचदिवसीय लीला में प्रतिदिन सांय 7 बजे से ठाकुरजी की लीलाओं के दर्शन हेतु उपस्थित होकर पुण्यार्जन करें।
- Legend News

Recent Comments