रिपोर्ट : LegendNews
आध्यात्मिक गुरु के कार्यालय ने कहा, जेफरी एपस्टीन से कभी नहीं मिले दलाई लामा
आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय ने हाल के दिनों में सामने आई मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें तथाकथित 'एपस्टीन फाइल्स' के जरिए दलाई लामा को अमेरिकी फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। दलाई लामा के कार्यालय की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, 'एप्स्टीन फाइलों से संबंधित कुछ हालिया मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में दलाई लामा को जेफरी एपस्टीन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हम स्पष्ट रूप से पुष्टि करते हैं कि उन्होंने कभी भी जेफरी एपस्टीन से मुलाकात नहीं की है और न ही उन्होंने अपनी ओर से किसी को भी उनसे मिलने या बातचीत करने की अनुमति दी है।'
मीडिया रिपोर्टें और सोशल मीडिया पोस्ट्स भ्रामक
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हालिया मीडिया रिपोर्टें और सोशल मीडिया पोस्ट्स भ्रामक और तथ्यहीन हैं, जिनका उद्देश्य दलाई लामा की छवि को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाना है। कार्यालय ने इन दावों को 'पूरी तरह निराधार' बताया है। बयान में यह भी कहा गया कि दलाई लामा हमेशा नैतिक मूल्यों, करुणा और अहिंसा के सिद्धांतों के लिए जाने जाते हैं और उन्हें इस तरह के विवादास्पद मामलों से जोड़ना सच्चाई से कोसों दूर है। यह प्रेस स्टेटमेंट 8 फरवरी 2026 को दलाई लामा के मुख्यालय थेकचेन चोएलिंग, मैक्लॉडगंज, धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) से जारी किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि 'एपस्टीन फाइल्स' को लेकर सोशल मीडिया पर कई नामों को बिना पुख्ता सबूत के जोड़ा जा रहा है, जिससे भ्रम और अफवाहें फैल रही हैं। दलाई लामा कार्यालय का यह स्पष्टीकरण ऐसे ही सभी दावों पर स्पष्ट और अंतिम जवाब माना जा रहा है। बता दें कि हाल के दिनों में 'एपस्टीन फाइल्स' को लेकर सोशल मीडिया पर कई चर्चित हस्तियों के नाम सामने लाए जा रहे हैं, जिनमें से कई दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दलाई लामा के कार्यालय का यह बयान ऐसे सभी दावों पर स्पष्ट खंडन के तौर पर सामने आया है।
-Legend News

Recent Comments